मनुष्य अपने जीवनकाल में अनेक प्रकार की अनुभूतियां करता है | उन अनुभवों में एक प्रमुख अनुभव है डर/भय का |मनुष्य में डर का प्राकट्य तब होता है जब अज्ञान का अंधेरा उसके मस्तिष्क में छाया रहता है क्योंकि----डर का सबसे बड़ा कारण है अज्ञान | जिसे हम ठीक तरह नहीं जानते उससे प्रायः डरा करते हैं | सृष्टि के आरम्भ में आदिम मनुष्य सूर्य, चन्द्र, समुद्र, बादल, बिजली, नदी, पर्वत, आँधी, आग, सर्प का स्वरूप ठीक तरह समझ न पाया था, इसलिए चेतना विकास के प्रथम चरण में उनकी स्थिति शक्ति और मर्यादा की समुचित जानकारी न थी, फलस्वरूप उनसे डर लगा | अधिकाँश भय अवास्तविक होते हैं | साँप से आमतौर से लोग डरा करते हैं पर सही बात यह है कि केवल सत्तरह प्रतिशत साँप ही ऐसे होते हैं जिनमें मारक विष रहता है | यह वास्तविकता जिन्हें विदित होती है, जो साँपों के स्वभाव की गहरी जानकारी रखते हैं वे उनसे जरा भी नहीं डरते वरन् कई बार तो उनसे अपना मनोरंजन लाभ भी करते हैं | सरकस के कर्मचारी खूँखार जानवरों के बारे में अधिक जानकारी होने के कारण उनसे डरना तो दूर उलटा अचरज भरे काम कराते रहते हैं | नदी में थोड़ा पानी होने पर भी अन...