समय को पहचानो
इस सृष्टि में ईश्वर प्रदत्त कई अनमोल उपहार हमें प्राप्त हुए हैं | जिनकी गिनती कर पाना शायद हमारे लिए सम्भव नहीं है | यहाँ हमें मिले इन उपहारों में सर्वश्रेष्ठ है हमारा जीवन | इस प्रकृति में सब कुछ परिवर्तनशील है | जीवन का अर्थ है गतिशीलता , इस प्रकृति में सूर्य, चन्द्र, तारे, पृथ्वी सबके सब सदैव गतिमान ही हैं | क्योंकि इसमें प्पतिपल कुछ न कुछ नया होता रहता है | इन सभी की तुलना यदि किया जाय तो यह निष्कर्ष निकलता है कि जीवन से भी अनमोल है ईश्वर द्रारा हमें प्राप्त हुआ समय | समय से बढकर अमूल्य इस सकल सृष्टि में कुछ भी नहीं है | समय का प्रवाह इतना तीव्र है कि एक व्यक्ति एक ही नदी की धारा में दो बार नहीं नहा सकता है | क्योंकि उसने पहली बार जिस धारा में स्नान किया था वह दुबारा उसे नहीं मिलेगी क्योंकि वह धारा तो आगे निकल चुकी होती है | जब तक व्यक्ति दुबारा स्नान करने जाता है तब तक तो वह धारा पता नहीं कहाँ निकल चुकी होती है | इसी प्रकार हमारे जीवन में जो एक बार हो चुका वह समय दुबारा आना कठिन ही नहीं बल्कि असम्भव है | अब यह अलग बात है कि हमें इसका भान नहीं हो पाता है , इसका भान तब होता है जब हम वृद्ध हो जाते हैं ! और तब हमारे हाथ में कुछ भी नहीं रह जाता है सिवाय पछतावे के | समय प्रतिपल गतिमान है | आप रुक जाते हैं परंतु समय अपनी गति से चलता रहता है | समय को तो कोई रोक नहीं सकता अत: बुद्धिमत्ता यही है कि हम समय के साथ प्रवाहित होना सीख लें | समय के प्रतिक्षण का सदुपयोग करने में ही हमारी सार्थकता है |हमें इस पृथ्वी पर विचरण करके कुछ करने के लिए एक निश्चित समय मिला हुआ है | और यह समय हमारे जन्म से ही प्रारम्भ हो जाता है | यदि हम इसका सदुपयोग नहीं करते हैं तो समझ लीजिए कि यह समय पल पल क्षीण हो रहा है , और एक दिन हमारे मृत्यु का समय भी आ जायेगा | क्योंकि यह निश्चित है | जब हम यह जानते हैं कि हमारा अन्त समय भी आ ही जायेगा और हम इस संसाररूपी रंगमंच से विदा हो जायेंगे तो यहाँ से जाने पहले या बुढापा आने के पहले ही हम क्यों न आध्यात्मिक , आत्मसाक्षात्कार एवं ईश्वरप्राप्ति की ओर कदम बढा दें ! हम क्यों धार्मिक कार्य या ईश्वर का भजन करने के लिए बुढापे की प्रतीक्षा किया करते हैं ?? इस जीवन का अर्थ ही समय है | अत: जो जीवन से प्रयार करते हों वे आलस्य में समय न गंवायें क्योंकि यहाँ कई उदाहरण देखने को मिले हैं कि जिसने व्यर्थ समय बरबाद करने का प्रयास किया है समय ने उसको भी बरबाद ही कर डाला है | एक बात यह समझ लीजिए कि जैसे बूंद बूंद से तालाब भरता है उसी प्रकार समय का एक एक क्षण हमारे लिए बहुमूल्य है | हम प्राय: आलस्य में आकर कहा करते हैं कि -- अभी हमारे पास बहुत समय है यह कार्य कल कर लिया जायेगा | परंतु जीवन का क्या भरोसा है ?? क्या पता कल को हम रहें कि न रहें | इसलिए कोई भी कार्य कल के लिए नहीं छोड़ना चाहिए |हम हीरे जवाहरात तो जीवन में दुबारा खरीद सकते हैं परंतु बीता हुआ समय दुबारा हमें जीवन में नहीं प्राप्त हो सकता है | अत: ईश्वर प्रदत्त इस अनमोल उपहार (समय) का जितना हो सके सदुपयोग करने का ही प्रयास किया जाय |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें