आंतरिक प्रसन्नता
Arjuntiwari978@gmail.comइस नश्वर संसार में मनुष्य जीवन पाकर आज हम अपने जीवन के मूल्य को नहीं समझ पा रहे हैं | जबकि युगदृष्टा गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा है कि ----- "बड़े भाग मानुष तन पावा ! सुर दुर्लभ सद्ग्रन्थहिं गावा !! यह मनुष्य तन देवताओं के लिए भी दुर्लभ है | ऐसे सुंदर शरीर को पा करके हम इसकी उपयोगिता को नहीं समझ पा रहे हैं | आज प्रत्येक मनुष्य अपने खुशहाल जीवन के लिए तरह तरह के निवेश करता है , और यह निवेश करने का उद्देश्य एक ही होता है उसके जीवन में प्रसन्नता हो ! उसका भविष्य सुंदर हो लोग अपना घर परिवार छोड़ कर परिवार की प्रसन्नता के लिए विदेशों में जाकर रहने लगते हैं | और वहीं सब बैठ कर के एक दीर्घकालिक योजना बनाया करते हैं | जबकि यह प्रत्येक मनुष्य जानता है यह जीवन क्षणभंगुर है , परंतु परिवार एवं अपनी प्रसन्नता के लिए वह सारे क्रियाकलाप करता है | बाहरी निवेश से आज मनुष्य को तरह तरह की सुविधाएं मिल रही है | इन सुविधाओं को प्राप्त करके मनुष्य प्रसन्न भी हो जाता है | उसका सारा समय इन्हीं सब व्यवस्थाओं को करने में बीत जाता है और उसका अंत समय कब आ जाता है यह वह स्वयं ही जान पाती | कई योजनाएं अधूरी रह जाती हैं और उसका जीवन पूरा हो जाता है | जीवन भर अपना सारा समय परिवार एवं स्वयं के लिए लगाने वाला मनुष्य ऊपर से तो प्रसन्न दिखता है परंतु आंतरिक प्रसन्नता बहुत कम ही मिल पाती है | क्योंकि वह आंतरिक प्रसन्नता के लिए निवेश नहीं करता है | आंतरिक प्रसन्नता के लिए निवेश क्या करना है सिर्फ समय | कुछ समय आंतरिक प्रसन्नता के लिए भी मनुष्य को लगाना चाहिए जिससे कि वह वास्तविक प्रसन्नंता को प्राप्त कर सके |आंतरिक प्रसन्नता हीन मनुष्य देखने में तो हंसता मुस्कुराता रहता है परंतु अंदर ही अंदर बहुत दुखी रहता है ! क्योंकि जीवन में सदैव कुछ ना कुछ कम ही रहता है और सब कुछ पूरा कर पाना शायद किसी मनुष्य के बस में नहीं है | मनुष्य सब कुछ पूरा कर सकता है लेकिन इसके लिए आवश्यक है कि वह आंतरिक रूप से प्रसन्न हो | यदि मनुष्य को आंतरिक प्रसन्नता प्राप्त करनी है तो मनुष्य को अपनी आंतरिक प्रसन्नता के लिए थोड़ा समय देना चाहिए | अगर मनुष्य अपने आप में एक संपूर्ण जीवन के रूप में यहां बैठ सकता हैं, तो यही प्रसन्नता है | जीवन में आप क्या करते हैं और क्या नहीं, यह बाद की बात है | परंतु जब हम प्रसन्न होते हैं, तो जो भी उच्चतम संभावना होती है, हम उसके लिए प्रयास करेंगे जब हम बीमार होते हैं, तो हम आम तौर पर सबसे हल्की चीज के लिए कोशिश करते हैं जिसे हम ज्यादा जोखिम उठाए बिना कर सकें | तो क्या यह आपका काम नहीं है कि आपके जीवन का पहला और सबसे प्रमुख काम यह हो कि आप वास्तव में प्रसन्न हों ??? ‘प्रसन्नता' का मतलब सिर्फ स्वास्थ्य से नहीं है | ‘प्रसन्न’ का मतलब है कि आप एक संघर्ष नहीं हैं, आप अपने जीवन में स्वयं एक समस्या नहीं हैं | दुनिया में दूसरी समस्याएं हैं, अपनी काबिलियत के अनुसार हम उनसे निपट लेंगे | परंतु आपको खुद कभी समस्या नहीं बनना चाहिए | ऐसा होने के लिए, एक निवेश करना पड़ेगा | आपको कुछ समय निकालना होगा, जो मात्र उसी के लिए है | या तो आप यह अपने घर में एकान्त में करें, अगर ऐसा करना संभव हो | या फिर आश्रम में थोड़ा समय बिताएं, जहां इसी के लिए सुविधाएं बनाई गई हैं | अगर आप खुद इसका प्रबंध कर सकते हैं, तो बढ़िया है |कहने का तात्पर्य यह है कि आपको अपनी आंतरिक प्रसन्नता के लिए समय जरूर लगाना चाहिए | अन्यथा वह आपको मिलेगी नहीं | क्योंकि इस संसार में निवेश नहीं तो लाभ नहीं |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें