भटका मनुष्य
परमपिता की रची हुई यह विशाल सृष्टि इतनी विचित्र एवं रहस्यमय है कि इसे पूर्ण रूप से समझ व जान पाना असम्भव है | परमात्मा की रचनाओं में सर्वश्रेष्ठ है मानव की रचना | मनुष्य भी सदैव से इन रहस्यों को जानने का जिज्ञासु रहा है | नित्य नये - नये प्रयोग व अन्वेषण करके मनुष्य प्रतिदिन एक नये रूप में दिख रहा है | जिस प्रकार परमात्मा ने चौरासी लाख योनियों सर्वश्रेष्ठ मनुष्य को बनाया उसी प्रकार उसमें असीमित शक्ति का संचार भी किया है , जो मनुष्य को अन्य जीवों से श्रेष्ठ बनाती है | आज मनुष्य अपनी इसी शक्ति के बल पर अथाह समुद्र की गहराईयों में बैठकर उसमें छुपे रत्नों तक को बाहर ले आया | यह मनुष्य के बुद्धिकौशल का ही परिणाम है कि विशाल एवं अथाह समुद्र अब उसके लिए एक खेल हो गया है | मनुष्य आज आसमान का सीना चीरकर अन्य ग्रह के प्राणियों से सम्बन्ध बनाने का प्रयास कर रहा है | मनुष्य ने जहाँ सर्वोच्च पर्वत एवरेस्ट को जीता है वहीं द्रुतगति से प्रवाहित बड़ी - बड़ी नदियों की धाराओं को रोककर बाँध भी बना दिया है | भयानक जंगलों को भी आज एक पर्यटक स्थल बनाकर मनोरंजन करने का स्थान बना लिया है | कहने का तात्पर्य यह है कि मनुष्य के लिए आज कुछ भी करना असम्भव नहीं रह गया है |वैज्ञानिकता की आँधी में उड़ चला मानव आज उस दयालु परमात्मा को भूल चुका है जिस परमात्मा ने उसे इस योग्य बनाया | समुद्र की गहराईयों को नाप लेने वाला मनुष्य आज स्वयं की गहराई को नहीं नाप पा रहा है | सब कुछ जान लेने वाला मनुष्य आज अपना परम लक्ष्य भूल चुका है | जबकि हमारे तत्वज्ञानी महापुरुषों ने विज्ञान की ओर ध्यान देते हुए भी अपना ज्यादा समय समुद्र की तरंगों को पहचानने में व्यर्थ न करके अपने हृदय में उठ रही तरंगों को पहचाना था | आज इतना सबकुछ प्राप्त करने के बाद भी मनुष्य दु:खी है क्योंकि आज का मनुष्य अपने शक्ति एवं बुद्धि के स्रोत को भूलता जा रहा है | बड़ी - बड़ी नदियों की धाराओं को मोड़ देने वाला मनुष्य आज अपने मन को उस परमात्मा की ओर नहीं मोड़ पा रहा है | आज आवश्यकता है कि पर्वत मस्तकों को अपने पैरों से परिमर्दन करने वाला मनुष्य अपने हृदय के गर्व का दमन करके अपने भीतर के समुद्र का मन्थन करके उसमें विराजमान प्रभु को प्राप्त करने का प्रयास करे | आज यदि मनुष्य को शान्ति चाहिए तो उसे अपने मन को एकाग्र करके संसार के सारे कार्य करते हुए उस परमसत्ता का भी ध्यान करना पड़ेगा | वह परमात्मा इतना दयालु है कि सारे कृत्य - कुकृत्यों को भूलकर शरणागत की रक्षा करने के लिए नंगे पैरों दौड़ता चला आता है |आज सम्पूर्ण सृष्टि के रहस्यों को जान लेने वाले मनुष्य को आवश्यकता है कि वह अपने सृजनकर्ता परमात्मा के रहस्य को भी जानने का प्रयास करे | क्योंकि उसकी प्राप्ति के बिना यह देव दुर्लभ मानव शरीर पाना व्यर्थ ही है |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें