अंतस् का शोधन ही आध्यात्म है
*हमारे मार्गदर्शक ऋषि मुनियों ने मानव जीवन के कल्याण हेतु प्रत्येक मनुष्य को आध्यात्म का मार्ग चुनने का निर्देश दिया है । अध्यात्म आखिर है क्या ? इसके विषय में हमारे शास्त्र बताते हैं कि - हम सब भगवान की सेवा तो करना चाहते हैं परंतु उसके अनुकूल भावना को विकसित नहीं कर पाते और जब यही भावना मन में विकसित हो जाती है तो उसे ही अध्यात्म कहा गया है । अध्यात्म और कुछ नहीं बल्कि अपने मनोभावों की परिष्कृति का ही स्वरुप है । इसे जिसने जान लिया वह जीवन में करने योग्य एक ही कार्य समझता है वह है अपनी आत्मा की शुद्धि और उत्कृष्ट जीवन क्रम की दिशा में बढ़ते रहना और ऐसा तभी संभव है जब मनुष्य अपने अंतर्मन अर्थात अंतस् का शोधन करें और अंतस् के शोधन का एकमात्र उपाय आध्यात्म ही है । जिस किसी विधि के द्वारा अंतस् का परिष्कार होता है , भावनाएं निर्मल होती हैं तथा चरित्र महान बनता है वह आध्यात्म का ही एक अंग है तथा इसका उद्देश्य व्यक्ति को उस योग्य बनाना है जिसमें कि उसकी आत्मा का प्रयोजन सिद्ध हो सके । अध्यात्म वही उत्कट भाव अवस्था है । उसे किसी चमत्कृत कर देने वाले पुरुषार्थ से कम ना समझा जाय ।...