जीवन में गुरु का बहुत बड़ा महत्व होता है | गुरु वह होता है जो हमें अंधेरे से उजाले की ओर ले जाता है | जब हम घोर अंधकार में भ्रमित होते रहते हैं तब परमात्मा का भेजा हुआ एक देवदूत "गुरु" का रूप धारण करके हमारे जीवन में प्रवेश करता है ! और हमें अपने ज्ञान के बल पर उस घोर अंधकार से निकालकर उजाले में लाकर स्थापित करता है | अब देखना यह होता है कि हम गुरु किसे मानें ??? जो हमें प्रारम्भिक ज्ञान देता है उसे ?? या जो हमें जीवन की विसंगतियों से निकालता है उसे ?? या फिर जिसने हमें दीक्षा दी उसे ?? जीवन में इन गुरुओं में श्रेष्ठ किसे माना जाय ?? प्रारम्भिक ज्ञान देने वाली माता ही सबकी प्रथम गुरु होती है | उसी के संस्कार लेकर मनुष्य एक ऐसे व्यक्ति की तलाश करता है जो हमें जीवन की विसंगतियों से निकलने का रास्ता बताकर छोटी - छोटी बातों को सिखाने का प्रयास करता हैं | जीवन के कुछ अनुभव जब उस गुरु से हमें प्राप्त होते है तो हमें दीक्षा गुरु की आवश्यकता मालूम पड़ती है |
इन तीनों गुरुओं में सर्वश्रेष्ठ गुरु वह होता है जिसने आपको जीवन - दर्शन का अनुभव कराया | दत्तात्रेय जी के २७ गुरु थे | जीवन में यदि किसी से भी कोई शिक्षा (ज्ञान) मिल जाय तो वह गुरु की श्रेणी में आ जाता है | परंतु हम उसे भूलने लगते हैं | हमारे स्थापित हो जाने के बाद जब कोई हमसे हमारे गुरु के विषय में पूंछता है तो हम तपाक से "दीक्षागुरु" का ही नाम बता देते हैं | जबकि दीक्षागुरु से ज्यादा "शिक्षागुरु" का महत्व मानना चाहिए | जिसके दिये ज्ञान से हमें दीक्षागुरु की आवश्यकता महसूस हुई | अत: हमें जीवन में कभी भी इन गुरुओं के हृदय को अपने कृत्यों के द्वारा दुखाना नहीं चाहिए |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें