हम स्वयं हैं अपने भाग्य विधाता
*सुंदर सृष्टि का निर्माण करके परमात्मा चौरासी लाख योनियों के मध्य मनुष्य को अनगिनत विभूतियों एवं अनन्त संपदाओं से सुसज्जित करके इस धरा धाम पर भेजा है | सही एवं गलत का निर्णय करने के लिए उसमें विवेक नामक शक्ति आरोपित कर दी है | सही समय पर उठाए गए सही कदम जीवन की सही दिशा का निर्धारण करते हैं एवं जीवन में उठा हुआ एक भी गलत कदम मनुष्य को पतन की ओर ले जाता है | इस बहुमूल्य जीवन को पतन के बंधनों में बंधकर व्यतीत करने के स्थान पर परिष्कार व प्रभुत्व के मार्ग पर ले चलना ही श्रेष्ठ है | मनुष्य अपने जीवन काल में सभी निर्णय स्वयं करता है , हमें क्या करना है ! क्या बनना है !! या हम क्या कर रहे हैं !! इसका चयन स्वयं मनुष्य करता है | ईश्वर ने भाग्य का निर्माण करके मनुष्य को तो भेज दिया है परंतु मनुष्य स्वयं अपना "भाग्यविधाता" है जैसा चाहे वैसे मार्ग का निर्माण कर सकता है | मनुष्य को आदिकाल से यह अधिकार प्राप्त है कि वह मनचाहे विचारों को आकर्षित करें व उनके अनुरूप कर्म करें | कर्म करने की स्वतंत्रता मनुष्य का जन्म सिद्ध अधिकार है | यदि वह कुछ नहीं कर सकता है तो वह अपने किए हुए कर्मों के ...