कुशोत्पाटिनी अमावास्या - आचार्य अर्जुन तिवारी
*सनातन धर्म में पूजा पद्धति का विशेष महत्व है ! किसी भी प्रकार की पूजा , अनुष्ठान , जप - तप में कुशा से बनी पवित्री अपना विशेष स्थान रखती है ! बिना पवित्री पहने कोई भी पूजा / अनुष्ठान सफल नहीं होता ! भगवान वाराह नारायण के शरीर से उत्पन्न कुशा इतना पवित्र है कि यह ऋषि मुनियों, पुरोहित आचार्यों या ब्राह्मणों के हाथ में एक अस्त्र की भाँति शोभा पाता है ! हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि - जिस प्रकार भगवान श्रीहरि के हाथ की शोभा चक्र से है , भगवान शिव की शोभा त्रिशूल एवं इन्द्र की शोभा बज्र से है उसी प्रकार ब्राह्मण के हाथ की शोभा कुशा से है ! कुशा कब ग्रहण करें इसके विषय में बताया गया है कि प्रत्येक अमावस्या को कुशा ग्रहण करके उससे बनी पवित्री एक माह तक प्रभावी होती है ! वहीं आज अर्थात् भाद्रपद की अमावस्या को ग्रहण किया गया कुशा एक वर्ष पर्यन्त कार्य करता है , यदि अमावस्या के दिन सोमवार अर्थात् सोमवती अमावस्या है तो ऐसे शुभ दिवस में ग्रहण किया गया कुशा बारह वर्ष पर्यन्त उपयोग में लाया जा सकता है ! आज अर्थात् भाद्रपद कृष्णपक्ष की अमावस्या को "कुशोत्पाटिनी अमावस्या" कहा जाता है ...