सनातन धर्म की श्रेष्ठता
इस संसार में तरह तरह के क्रिया - कलाप मनुष्यों द्वारा किये जाते हैं | मनुष्य के स्वभाव का ही एक अंग होता है किसी से ईर्ष्या करना व किसी का विरोध करना | प्राय: यह देखा गया है कि किसी भी वस्तु को जब मनुष्य प्राप्त नहीं कर पाता या उसके विषय में अनभिज्ञ रह जाता है तो वह उससे प्रथम तो ईर्ष्या करने लगता है और बाद में यह ईर्ष्या विरोध का रूप ले लेती है | परंतु मनुष्य यह भूल जाता है कि किसी से ईर्ष्या य विरोध करने पर उस वस्तु की चमक नहीं धूमिल होती है अपितु विरोध करने वाला ही मुंह की खाकर गिर जाता है | किसी विद्यालय के कुशाग्रबुद्धि के विद्यार्धी से कम पढने वाले या परीक्षा में निरंतर अनुत्तीर्ण होने वाले अन्य विद्यार्थी ईर्ष्या व विरोध करने लगते हैं ! परंतु कुशाग्रबुद्धि का विद्यार्थी उन विरोधों की परवाह न करके निरंतर अपने लक्ष्य की अग्रसर रहता है और कालांतर में उसका अनुसरण करने वाले विद्यार्थियों की संख्या स्वत: बढ जाती है | और वह किसी का विरोध न करके अपनी चाल में चलता हुआ सफलता की ऊंचाईयों को प्राप्त करता है | वही हाल आज के परिवेश में सनातन धर्म का है | संसार के अनेक धर्म जहाँ हिंसा आदि करके जगह जगह सनातन धर्म से ईर्ष्या व विरोध का प्रदर्शन करते हैं वहीं सनातन धर्म अपने क्रिया - कलापों व परम्पराओं के कारण आज भी सर्वश्रेष्ठ बना हुआ है |आज विश्व में कितने धर्म हो गये हैं उनकी गिनती कर पाना शायद सम्भव भी न हो ! और सभी धर्मों का प्रादुर्भाव सनातन धर्म से ही हुआ है इसके प्रमाण इतिहास में विद्यमान हैं | इन समस्त धर्मों का जन्म सनातन के विरोध में ही हुआ है | अपने स्थापनाकाल से आज तक इन सभी अन्य धर्मों ने समय समय पर सनातन धर्म का विरोध ही किया है और करते चले आ रहे हैं | परंतु सनातन धर्म उस कुशाग्रबुद्धि विद्यार्थी की तरह बिना किसी का विरोध किये अपने परमलक्ष्य की ओर अग्रसर है | किसी महापुरष ने कहा है कि --- "जब चारों ओर से आपका विरोध होने लगे तो समझ लो कि आप सफल हो रहे हैं" ! यही परिस्थिति आज सनातन धर्म की है | आज जिधर देखो सनातन एवं उसकी परम्पराओं के विरोधी आपको देखने को मिल जायेंगे यहाँ तक कहीं कहीं पर इसके अनुयायियों को अपमानित भी करने का प्रयास किया जाता रहा है | परंतु सनातन पर दोषारोपण करना ठीक वैसे ही है जैसे सूर्य पर धूल फेंकना | अनेक धर्म आये और चले गये परंतु सनातन धर्म विद्यमान था , विद्यमान है और विद्यमान रहेगा | इसमें कोई संशय नहीं है | एक जौहरी की दुकान में जहाँ विभिन्न प्रकार के आभूषण होते हैं वहीं आलमारी में सलीके से सहेजकर रखा गया हीरा एक ही होता है | परंतु उस हीरे तक प्रत्येक व्यक्ति की पहुंच नहीं हो पाती है और जो उस हीरे को देखकर भी उस तक नहीं पहुँच पाता उसे ईर्ष्या होने लगती है और वह उस हीरे में कमियां बताने लगता है |सनातन धर्म उस जौहरी की दुकान में रखे गये हीरे की तरह ही है | सामान्य व्यक्ति न तो उसे समझ ही पाता है और न ही उस तक पहुँच पाता है | जिस प्रकार किसी के द्वारा बुराई करने पर हीरे की चमक नहीं कम होती उसी प्रकार सनातनधर्म भी सदैव देदीप्यमान रहेगा |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें