नश्वर जीवन
इस नश्वर जगत में सब कुछ नाशवान है ! यह बात सभी जानते हैं ! किसी का भी एक पल का भरोसा नहीं है कि उसके जीवन मों कब क्या घटित हो जायेगा | समय आने पर यहाँ सब कुछ एक न एक दिन नष्ट हो ही जाता है | जहाँ हम निवास करते हैं उस लोक को "मृत्युलोक" कहा गया है , जिसका अर्थ होता है -- "मौत का घर" | यहाँ पर जिसकी भी उत्पत्ति हुई उसका विनाश निश्चित है | बड़े - बड़े ऋषि - महर्षि , महापुरुष यहाँ तक कि स्वयं भगवान के अवतार भी इस संसार में एक निश्चित समय व्यतीत करके स्वधाम को पधार गये | कहने का तात्पर्य यह है कि यहाँ कोई रहने नहीं वल्कि अपना समय व्यतीत करने आया है | हम सभी जानते हैं कि हमें ईश्वर द्वारा एक निश्चित समय मिला हुआ है और इसी मिले हुए समय का सदुपयोग करके हमें इस जन्म जन्मान्तर के आवागमन से मुक्ति पाने का प्रयास कर लेना चाहिए | वृक्षों को काटने के लिए हम उनके सुदृढ हो जाने की प्रतीक्षा करते हैं और जब वे मजबूत हो जाते तब हम उनकी जीवन लीला समाप्त करके अपने काम में ले लेते हैं | फलों के पकने की प्रतीक्षा की जाती | और भी ऐसे अनेक उदाहरण इस लोक में उपलब्ध हैं जो यह दिखाते हैं कि जब वह पूर्ण परिपक्व हो जाता है तब हमारे द्वारा अपनी आवश्यकता के अनुसार उसका प्रयोग कर लिया जाता है ! परंतु स्वयं हमारी जीवनलीला कब समाप्त होनी है यह आज तक कोई नहीं जान पाया है | चलते - चलते कब यह पंचभौतिक शरीर शान्त हो जाय कोई पता नहीं |हम भविष्य के लिए तरह तरह की योजनायें बनाते हैं , लक्ष्य निर्धारित करते हैं | एक लम्बे जीवन की आशा में हम नित्य नये विचार पैदा करते हैं कि कल यह करना है वहाँ जाना है आदि आदि | परंतु कल होगा कि नहीं यह किसी को नहीं पता होता है | यह सत्य है कि यह जीवन क्षणभंगुर है परंतु यह भी सत्य है कि भविष्य के लिए योजनायें भी बनानी पड़ती हैं | तो ऐसी स्थिति में हमें यह करना चाहिए कि योजनायें बनायें क्योंकि इसके बिना जीवन जी पाना असम्भव है | परंतु जीवन में प्रत्येक क्षण को अंतिम क्षण एवं प्रत्येक दिन को अंतिम दिन मानकर ही चलने वाले को कभी यह अफसोस नहीं होता कि उसका जीवन समाप्त हो गया और वह कुछ कर नहीं पाया | शायद इसीलिए कबीरदास जी ने लिखा भी है कि ----- "काल्हि करै सो आज कर , आज करै सो अब ! पल में परलय होयगी , बहुरि करोगे कब !! यह मानव जीवन कब समाप्त हो जाय जब इस बात का कोई पता ही नहीं है तो कोई कार्य कल पर न ही छोड़ा जाय | "क्या से हो जाये पल में मिट्टी भरे शरीर का ! कुछ पता नहीं तकदीर का !!!!! जीवन जब तक तब तक सद्मार्ग पर चलते हुए सत्कार्य करते रहना चाहिए यही इस जीवन की उपयोगिता है | जब हम सत्कर्म करते रहेंगे तो हमें अपनी मृत्यु का न तो पछतावा होगा और न ही मरने के समय या बाद में कष्ट ही झेलना पड़ेगा |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें