मानव प्रवृत्ति
*परमपिता परमात्मा ने सुंदर सृष्टि की रचना की , जलचर , थलचर एवं नभचर प्राणियों को बनाया , इनमें चौरासी लाख योनियों का सृजन किया , इन चौरासी लाख योनियों में सर्वश्रेष्ठ मानव योनि बनाई , और मनुष्य को विवेकरूपी वह बल प्रदान किया जिससे कि मनुष्य पूरी सृष्टि में सर्वश्रेष्ठ हो गया ! अनेक प्राकृतिक संसाधन जो कि जीवन जीने के लिए आवश्यक हैं वह सब ईश्वर ने प्रदान किया , फिर मनुष्य की चित्तवृत्तियों का सृजन किया , काम , क्रोध , लोभ , मोह , अहंकार यह सब ईश्वर आवश्यक आवश्यकता समझकर मनुष्य के हृदय में आरोपित किया क्योंकि समय समय पर इन वृत्तियों का उचित उपयोग भी आवश्यक था ! परंतु धीरे धीरे मनुष्य की इन वृत्तियों का इतना विकास हुआ कि मनुष्य इनका दास हो गया ! जितना ईश्वर ने दिया है उससे अधिक प्राप्त कर लेने की कामना में मनुष्य ने मनुष्यता का त्याग करना प्रारम्भ कर दिया , इतिहास साक्षी है कि अपनी इसी प्रवृत्ति के कारण मनुष्य ने दूसरों के अधिकारों को भी छीनना प्रारम्भ करके विस्तारवादी नीति पर चलने लगा ! यदि मनुष्य की इस प्रवृत्ति के विषय में विचार किया जाय तो इसका मूल कारण मनुष्य का मोह ही कहा जाएगा , क्योंकि संसार में जितनी व्याधियों हैं चाहे वह शारीरिक हो या मानसिक उन सब का मूल कारण मोह ही कहा गया है ! बाबा जी मानस में लिखते हैं "मोह सकल व्याधिन्ह कर मूला" अब यह मोह किस प्रकार का है ? अधिक से अधिक प्राप्त कर लेने का मोह , अपना विस्तार कर लेने का मोह , इस मोह के कारण ही मनुष्य दूसरों पर आक्रामक होता चला गया और बलहीन मनुष्यों पर अपना अधिकार जमा करके स्वयं को सर्वश्रेष्ठ बनाने का प्रयास करने लगा ! जिसका परिणाम यह हुआ कि ईश्वर के बनाये हुए सर्वश्रेष्ठ प्राणी मनुष्य ने अपनी मनुष्यता का त्याग कर दिया ! ऐसे लोग जो मोह में फंसकर ऐसे कृत्य करते रहे हैं उनका परिणाम क्या हुआ है यह भी किसी से छुपा नहीं है ! मोह करना परम आवश्यक है लेकिन किसी वस्तु , व्यक्ति या विशेष कामना के मोह के वशीभूत होकर उसके अनुसार आचरण करने लगना मनुष्य के लिए परम घातक है !*
*आज सकल विश्व में चारों ओर त्राहि-त्राहि मची हुई है , आज स्पष्ट देखा जा सकता है कि एक देश दूसरे देश पर आक्रमण करके अपना प्रभुत्व दिखाने का प्रयास कर रहा है ! इसका कारण क्या है ? कहने को तो लोग कहते हैं कि यह एक दूसरे देश का युद्ध है परंतु यह मनुष्य की प्रवृत्ति है दूसरों पर अपना प्रभुत्व जमाने की प्रवृत्ति ! इसके मूल में मनुष्य का अहंकार - लोभ एवं लालसा ही कहां जाएगा ! अहंकार लोभ एवं लालसा के मूल में मोह ही है ! मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" आज चारों ओर देखकर कह सकता हूं कि मनुष्य अपना प्रभुत्व जमाने के लिए कुछ भी करने को तैयार है , जो कि ईश्वर के द्वारा बनाई गई सुंदर सृष्टि के लिए घातक सिद्ध हो रहा है ! आज जिस प्रकार अपना प्रभुत्व एक दूसरे को दिखाने के लिए लोग एक दूसरे पर आक्रामक हो रहे हैं उसका परिणाम महाविनाश के रूप में देखा जा सकता है ! मनुष्य आज काम , क्रोध , लोभ , मोह , अहंकार की वशीभूत हो गया है ! हमारे पूर्वजों ने इन षडरिपुओं पर विजय प्राप्त की थी परंतु आज इन षडरिपुओं ने प्रत्येक मनुष्य पर अपना अधिकार जमा रखा है , जिसके कारण आज चारों ओर एक दूसरे का विरोध एवं वैमनस्यता स्पष्ट देखी जा सकती है ! अधिक से अधिक प्राप्त करने की लालसा के पीछे मनुष्य का लोभ एवं मोह ही है ! प्रत्येक मनुष्य को इस मोह रूपी ब्याधि से बचने का प्रयास करना चाहिए जिससे कि यह ईश्वर द्वारा दिया हुआ जीवन सुंदर से सुंदरतम बन सके अन्यथा मनुष्य अपनी इन्हीं प्रवृत्तियों के कारण एक दिन इस सुंदर सृष्टि के लिए पूर्ण रूप से विनाशकारी हो जाएगा !*
*मानवी प्रवृत्ति यदि उच्छृंखल होकर कार्य करने लगत हैं तो अनेक प्रकार के परिणाम देखने को मिलने लगते हैं जो कि न तो स्वयं के लिए और न ही समाज के लिए आदर्श कहे जा सकते हैं !*

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें