कुशोत्पाटिनी अमावास्या - आचार्य अर्जुन तिवारी
*सनातन धर्म में पूजा पद्धति का विशेष महत्व है ! किसी भी प्रकार की पूजा , अनुष्ठान , जप - तप में कुशा से बनी पवित्री अपना विशेष स्थान रखती है ! बिना पवित्री पहने कोई भी पूजा / अनुष्ठान सफल नहीं होता ! भगवान वाराह नारायण के शरीर से उत्पन्न कुशा इतना पवित्र है कि यह ऋषि मुनियों, पुरोहित आचार्यों या ब्राह्मणों के हाथ में एक अस्त्र की भाँति शोभा पाता है ! हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि - जिस प्रकार भगवान श्रीहरि के हाथ की शोभा चक्र से है , भगवान शिव की शोभा त्रिशूल एवं इन्द्र की शोभा बज्र से है उसी प्रकार ब्राह्मण के हाथ की शोभा कुशा से है ! कुशा कब ग्रहण करें इसके विषय में बताया गया है कि प्रत्येक अमावस्या को कुशा ग्रहण करके उससे बनी पवित्री एक माह तक प्रभावी होती है ! वहीं आज अर्थात् भाद्रपद की अमावस्या को ग्रहण किया गया कुशा एक वर्ष पर्यन्त कार्य करता है , यदि अमावस्या के दिन सोमवार अर्थात् सोमवती अमावस्या है तो ऐसे शुभ दिवस में ग्रहण किया गया कुशा बारह वर्ष पर्यन्त उपयोग में लाया जा सकता है ! आज अर्थात् भाद्रपद कृष्णपक्ष की अमावस्या को "कुशोत्पाटिनी अमावस्या" कहा जाता है , आज के दिन ब्राह्मणों को स्नान करके कुशा को एक हाथ से उखाडकर लाना चाहिए , यह कृत्य प्रात:कालीन बेला में कर लेना चाहिए ! आज के दिन को कुशाग्रहणी अमावस्या भी कहा जाता है ! शास्त्रों में कुश को उखाड़ने के भी कुछ नियम बताए गए हैं जिसके अनुसार, कुशा उखाड़ने से पहले उनसे क्षमायाचना एवं प्रार्थना करते हुए कहें कि हे कुशा आप मेरे निमंत्रण को स्वीकार करें और मेरे साथ मेरे घर चलें ! फिर "ऊं ह्रूं फट् स्वाहा" मंत्र बोलते हुए कुशा को उखाड़ना चाहिए ! इस प्रकार कुशोत्पाटिनी अमावास्या के दिन ग्रहण किया गया कुशा वर्ष पर्यन्त देवकार्य एवं पितृकार्य में प्रयोग किया जाता है !*
*आज सोमवती अमावस्या भी है ! अमावस्या को पितरों की तिथि एवं सोमवार को पितरों का दिन कहा जाता है ! जब सोमवार को अमावस्या पडती है तो इसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है ! सोमवती अमावस्या को स्नान दान का महत्व तो है ही साथ पितृ पूजा के लिए यह विशेष दिन होता है ! आज के दिन पितरों के लिए तर्पण , त्रिपिण्डी, आदि विशेष महत्वपूर्ण होने के साथ ही पितरों के लिए संतुष्टिदायक हो जाता है ! मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" सोमवती अमावस्या के विषय में बताना चाहता हूँ कि सनातन धर्म में प्रत्येक तिथि किसी न किसी को समर्पित है इसी क्रम में अमावस्या तिथि पितरों की तिथि कही गयी है ! वैसे तो प्रत्येक अमावस्या को पितृकार्य किये जाते हैं परन्तु यदि अमावस्या सोमवार के दिन पडकर सोमवती अमावस्या हो जाय तो यह पितृपूजा के लिए अतिविशेष हो जाती है ! आज के दिन सूर्योदय से पहले नदी में स्नान तर्पण, दान करने से पितर प्रसन्न होते हैं और उनका आशीर्वाद आपको मिलता है ! सोमवती अमावस्या के दिन दान का विशेष महत्व है ! आज के दिन सौभाग्यवती सुहागिन महिलाओं को अपने पति की लंबी उम्र के लिए अपने आराध्य की पूजा अचर्ना करने के साथ ही पीपल के पेड़ की पूजा करके जल अर्पित करना चाहिए ! सनातन धर्म इसीलिए दिव्य है क्योंकि यहाँ सबके लिए समय समय पर विशेष दिवस प्राप्त होता है !*
*कुशोत्पाटिनी अमावस्या के दिन कुशा ग्रहण करके उसी कुशा से दिवस विशेष अर्थात् सोमवती अमावस्या को पितरों का तर्पण करने से पितर संतुष्ट होकर आशीर्वाद प्रदान करते हैं !*

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें