हरि प्रबोधिनी एकादशी - आचार्य अर्जुन तिवारी

 

                  *सनातन धर्म में एकादशी व्रत का बहुत बड़ा महत्व है , एकादशी के समान कोई दूसरा व्रत नहीं कहा गया है और उसमें भी कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी का महत्व सर्वश्रेष्ठ है क्योंकि यह हरिप्रबोधिनी एकादशी , देवोत्थानी एकादशी एवं देवउठनी एकादशी आदि के नाम से यह जानी जाती है !  आज के दिन चार माह की निद्रा का त्याग करके भगवान श्री हरि विष्णु जागृत होते हैं !  समुद्र से लेकर सरोवर तक जितने भी तीर्थ हैं वह सभी अपने माहात्म्य की तभी तक गर्जना करते हैं जब तक की कार्तिक मास में भगवान विष्णु की प्रबोधिनी तिथि नहीं आ जाती ! प्रबोधिनी एकादशी का इतना महत्व है कि इस एकादशी का एक ही उपवास कर लेने से मनुष्य हज़ारों अश्वमेध यज्ञ तथा सैकडों राजसूय यज्ञ का फल का लेता है ! जो भी कामना मन में हो वह सब कुछ श्रद्धा भक्ति के साथ यदि देवउठनी एकादशी का व्रत कर लिया जाता है तो प्राप्त हो जाता है !  प्रबोधिनी एकादशी का इतना बड़ा महत्व है कि मेरुपर्वत के सामान जो बड़े-बड़े पाप हैं उन सबको यह पापनाशिनी एकादशी एक ही उपवास से भस्म कर देती है ! इस जन्म के पहले हजारों जन्मों में जो पाप किए गए हैं उन्हें प्रबोधिनी एकादशी की रात्रि का जागरण रूई की ढेर के भांति भस्म कर डालता है ! इतना ही नहीं जो भी मनुष्य एकादशी का मन से ध्यान करते हुए इस व्रत का अनुष्ठान करते हैं उनके पितर नरक के दुखों से छुटकारा पाकर भगवान विष्णु के परमधाम को चल जाते  हैं !  हमारे पुराणों में यहां तक कहा गया है की अश्वमेध आदि यज्ञों से भी जिस फल की प्राप्ति कठिन है वह प्रबोधिनी एकादशी को जागरण करने से अनायास ही मिल जाता है !  इसलिए प्रत्येक मनुष्य को प्रबोधिनी एकादशी का व्रत अवश्य करना चाहिए !*


*आज जगत के पालन कर्ता भगवान श्री हरि विष्णु अपने चार महीने की निद्रा का त्याग करके पुनः अपने कार्यभार को संभालेंगे , चातुर्मास का समापन आज हो जाएगा ! आज हरि प्रबोधिनी एकादशी के दिन भगवान श्री हरि विष्णु का विधिवत पूजन करना चाहिए ! पूजन करने के बाद जो भी दान जप और होम आज के दिन किया जाता है वह सब अक्षय होता है ! मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" बताना चाहूंगा कि आज के दिन जो भी मनुष्य एकादशी का उपवास करके भगवान माधव की भक्ति पूर्वक पूजा करते हैं वे सौ जन्मों के पापों से छुटकारा पा जाते हैं ! इस व्रत के द्वारा जो भी भगवान जनार्दन को संतुष्ट कर लेता है वह साक्षात श्रीहरि के बैकुंठ धाम को प्राप्त हो जाता है !  जितना महत्व प्रबोधिनी एकादशी के व्रत करने का है उससे कहीं अधिक महत्व एकादशी की रात में जागरण करने का है ! आज की एकादशी के दिन रात में जागरण करते समय जल लेकर फल तथा नाना प्रकार के द्रव्यों के साथ श्री हरि विष्णु को अर्घ्य प्रदान करना चाहिए क्योंकि ! संपूर्ण तीर्थ में स्नान करने और सब प्रकार के दान देने से जो फल मिलता है वही फल प्रबोधिनी एकादशी को अर्घ्य देने से करोड़ गुना होकर प्राप्त हो जाता है ! रात्रि जागरण करते हुई भगवान श्री हरि का कीर्तन , ग्रन्थों का स्वाध्याय ,  कथा श्रवण आदि करते हुए रात्रि व्यतीत करना चाहिए !  प्रातः काल उठकर स्नान करके भगवान श्री हरि विष्णु का पुनः पूजन करके व्रत का समापन करना चाहिए ! हरि प्रबोधिनी एकादशी को जिस प्रकार भगवान श्री हरि विष्णु निद्रा का त्याग करते हैं उसी प्रकार एकादशी का व्रत करके मनुष्य अपने सभी माया जंजाल का त्याग कर सकता है !*


*कार्तिक मास में भगवान श्री हरि विष्णु की परमप्रिया श्री तुलसी जी के पूजन का बहुत बड़ा महत्व है ! कुछ हो ना हो यदि तुलसी दल से भगवान विष्णु का पूजन कर लिया जाता है तो सौ यज्ञों का फल मनुष्य को प्राप्त हो जाता है !*


     

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम