पार्थिव पूजन का महत्व
*सनातन धर्म में प्रत्येक महीने का भिन्न भिन्न महत्व है ! विशेषकर चातुर्मास के महीनों का अधिक ही महत्व बताया गया है ! चातुर्मास का प्रथम माह है श्रावण ! श्रावण मास में शिवपूजा का विशेष महत्व बताया गया है ! शिवार्चन में पार्थिव पूजन का कलियुग में अति विशिष्ट स्थान बताते हुए श्री शिवमहापुराण में लिखा है कि :-- "कृते रत्नमयं लिंगम् त्रेतायां हेमसम्भवम् ! द्वापरे पारदे श्रेष्ठं पार्थिवं तु कलौ युगे !! अर्थात्:- सतयुग में मणिलिंग , त्रेता में स्वर्णलिंग , द्वापर में पारदलिंग और कलियुग में पार्थिवलिंग श्रेष्ठ कहा गया है ! पृथ्वी , जल , तेज , वायु , आकाश , सूर्य , चन्द्रमा एवं यजमान आदि आठ मूर्तियां बताई गयी है ! इन सभी मूर्तियों में पार्थिव मूर्ति श्रेष्ठ है ! पार्थिव पूजन करते समय यह विशेष ध्यान रखना चाहिए कि पार्थिव पूजन कहां पर करने का विधान है ! इस विषय में हमारे पुराण बताते हैं - नदी या तालाब के किनारे , पर्वत पर , वन में , शिवालय में अथवा किसी भी पवित्र स्थान में पार्थिव पूजन करने का विधान है ! पार्थिव बनाने के लिए शुद्ध स्थान से निकाली हुई मिट्टी की यत्नपूर्वक लाकर सावधानी के साथ शिवलिंग का निर्माण करना चाहिए ! ब्राह्मण के लिए सफेद मिट्टी , क्षत्रिय के लिए लाल मिट्टी , वैश्य के लिए पीली और शुद्र के लिए काली मिट्टी से शिवलिंग बनाने का विधान बताया गया है ! यदि यह ना उपलब्ध हो तो जो भी मिट्टी मिल जाए उसी से शिवलिंग बनाकर श्रद्धा एवं और भक्ति के साथ पार्थिव पूजन करना चाहिए ! जो भी मनुष्य विधि-विधान के साथ पार्थिव लिंग का निर्माण करके उनका पूजन करता है उसे सभी प्रकार के भोग तो प्राप्त ही होते हैं साथ ही वह भगवान शिव के लोक को प्राप्त करता है ! पार्थिव बना करके भगवान शिव का पूजन एवं रुद्राभिषेक करने का कलयुग में विशेष महत्व है ! भिन्न-भिन्न कामनाओं के लिए भिन्न-भिन्न सामग्रियों से पार्थिव बनाने का विधान तो है ही साथ ही भिन्न-भिन्न कामनाओं के लिए भिन्न पदार्थ से रुद्राभिषेक करने का विधान भी हमारे शास्त्रों में बताया गया है ! जो भी मनुष्य इन विधानों को जान करके शिवार्चन करता है उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं !*
*आज पवित्र श्रावण मास का कृष्ण पक्ष संपन्नता की ओर अग्रसर है , भक्तों के द्वारा नित्य पार्थिव पूजन एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराए जा रहे हैं , परंतु आज जिस प्रकार से मन में कामना लेकर यजमान संकल्प करता है उसकी पूर्ति नहीं हो पा रही है ! इसके कारण पर यदि विचार किया जाय तो यही परिणाम निकलता है कि यजमान की भाव भंगिमा एवं पूर्ण श्रद्धा भगवान शिव के प्रति समर्पित नहीं होती है ! इसका दूसरा पक्ष यह भी है कि आज विद्वान भी यजमान को पूरी बात ना बता करके अपने अनुसार पूजन करना चाहते हैं ! सनातन धर्म में प्रत्येक कामना के लिए भिन्न-भिन्न पदार्थ से रुद्राभिषेक करने का विधान बताया गया है ! शास्त्रों के निर्देशानुसार मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" बताना चाहता हूं कि वर्षा के लिए जल से रुद्राभिषेक , पशु वृद्धि के लिए दही से , धन की कामना हेतु मधु से , पुत्र प्राप्ति हेतु गाय के दूध से , कल्याण कामना हेतु घी से , प्रमेह रोग की शांति के लिए दूध से , पाप क्षय के लिए मधु से , व्याधि शांति के लिए कुश के जल से , लक्ष्मी की प्राप्ति हेतु गन्ने के रस से , मोक्ष प्राप्ति कामना से रुद्राभिषेक तीर्थ के जल से , ज्वर शांति हेतु शुद्ध जल से , सुंदर वृद्धि हेतु शर्करा मिश्रित दूध से , शत्रु संहार के लिए सरसों के तेल से , दीर्घायु प्राप्त करने हेतु गाय के दूध से रुद्राभिषेक करना चाहिए ! परंतु आज जानकारी के अभाव में लोग दिखावे मात्र की पूजा करके संपूर्ण फल पाना चाहते हैं ! पार्थिव लिंग का निर्माण वैसे तो मिट्टी से ही किया जाता है परंतु लोकाचार में कहीं-कहीं देखा जाता है कि पार्थिव का निर्माण चावल के आटे से , गेहूं के आटे से , गोबर से , गुड से भी किया जाता है ! ऐसा करते समय किसी श्रेष्ठ विद्वान से परामर्श अवश्य कर लेना चाहिए अन्यथा जो मन में कामना लेकर हम पूजन करना चाहते हैं उस कामना की पूर्ति हो पर संभव नहीं है !*
*जिस प्रकार सभी देवताओं में शंकर जी , नदियों में गंगा जी , मंत्रों में प्रणव , सभी वर्णों में ब्राह्मण , सभी पुरियों में काशी , सभी व्रतों में शिवरात्रि एवं सभी देवियों में शैवी शक्ति प्रधान मानी जाती है उसी प्रकार सभी शिवलिंगों में पार्थिव लिंग प्रधान माना जाता है , इसलिए प्रत्येक सनातन धर्मी को श्रावण मास में पार्थिव पूजन एवं रुद्राभिषेक अवश्य करना चाहिए !*

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें