विवाह एवं मनुष्य की भावना

 *मानव जीवन में प्रचलित सोलह संस्कारों में प्रमुख संस्कार है - विवाह संस्कार ! सनातन धर्म के चार आश्रम हैं - ब्रह्मचर्य , गृहस्थ , वानप्रस्थ एवं सन्यास ! इन चारों में प्रमुख है गृहस्थ आश्रम , क्योंकि हमारे शास्त्रों में बताया गया है कि - "धन्यो गृहस्थाश्रम:" और गृहस्थाश्रम का प्रारम्भ तब होता है जब मनुष्य का विवाह संस्कार संपन्न होता है ! पूर्वकाल में विवाह संस्कार सनातन पद्धति से तो होते ही थे साथ उनमें दो अजनबी पथ के पथिक (वर-कन्या) एक दूसरे से अपरिचित होते हुए एक दूसरे के साथ सामंजस्य बैठाकर पूरा जीवन प्रेम एवं सौहार्द्र के साथ व्यतीत कर देते थे ! तब न तो वर कन्या को देखने जाता था और न ही कोई औपचारिकताएं होती थीं , परिवार के श्रेष्ठजन जहाँ विवाह निश्चित कर देते थे वही स्वीकार कर लिया जाता था और जीवन भी सुखमय व्यतीत होता था , इसका मुख्य कारण था मनुष्य के हृदय में भावनायें होती थीं वर एवं कन्या एक दूसरे के प्रति विश्वास से परिपूर्ण होते थे , यही विश्वास एवं एक दूसरे प्रति हृदय में आदर - सम्मान एवं प्रेम की भावना ही वैवाहिक जीवन की सफलता के पर्याय हैं , कन्या के साथ उनके माता - पिता की भावनाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाता था , दोनों पक्षों का प्रयास होता था कि एक के किसी क्रियाकलाप से दूसरे को आत्मिक ठेस या दुख न पहुँचे । ऐसे विवाह दूरगामी सुखद परिणाम प्रदान करते थे ! एक अन्जान कन्या जब अपना भरा पूरा परिवार छोड़कर नये परिवेश में प्रवेश करती थी तो उसको ससुराल में पूर्ण प्रेम तो मिलता ही था साथ ही यह भी ध्यान रखा जाता था कि जो अपने माता पिता को छोड़कर हमारे घर में आई है उसकी भावनाओं को ठेस न पहुँचे या किसी भी प्रकार से यह न आभास हो कि वह अपने परिवार में नहीं है , प्रेम , विश्वास एवं एक दूसरे की भावनाओं का ध्यान रखने का ही परिणाम था कि वैवाहिक  सम्बन्ध विच्छेद जैसी घटनायें समाज में नहीं सुनने को मिलती थीं ! परंतु आज समय तो परिवर्तित ही हुआ है साथ ही परिवर्तित हो गयी है मनुष्य की मानसिकता जिसका दुष्परिणाम आज प्रतिदिन देखने को मिल रहा है !*


*आज मनुष्य का हृदय भावनाशून्य सा होता दिख रहा है , वर पक्ष वाले किसी भी कन्या की भावनाओं से कोई मतलब ही नहीं रख रहे हैं ! स्वयं को श्रेष्ठ एवं कन्या पक्ष को स्वयं से कमतर मानने की प्रथा सी चल पड़ी है ! आज कन्या को प्रदर्शन की वस्तु बना दिया गया है ! किसी भी कन्या को देखने की प्रथा के चलते वर पक्ष १०-२० लोगों को लेकर जाता है भरे समाज में उस कन्या की भाँति भाँति से परीक्षा ली जाती है फिर बिना किसी कारण के उसको निरस्त कर दिया जाता है , उस समय वर पक्ष यह विचार नहीं कर पाता कि उस कन्या के हृदय को कितना दुख पहुँचता होगा उसकी भावनाएं खण्ड खण्ड हो जाती होंगी ! मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" आज समाज में ऐसे लोगों को भी देख रहा हूँ जो एक नहीं लगभग १०-२० कन्याओं को देखने के बाद निरस्त करते चले जाते है ! प्राय: यह भी देखा जा रहा है कि कभी कभी तो  सबकुछ तय भी कर लेते हैं परंतु कुछ दिन बाद बिना किसी कारण के विवाह निरस्त कर देते हैं ! ऐसे लोग यह नहीं विचार कर पाते कि जो कन्या का पिता समाज को यह बता देता है कि उसकी कन्या का विवाह निश्चित हो चुका है विवाह निरस्त होने के बाद उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा की कितनी क्षति होगी , परंतु वर पक्ष को शायद इससे कोई मतलब ही नहीं है ! ऐसे कुछ लोगों के कारण ही समाज में आज विकृतियां स्पष्ट देखने को मिल रही हैं ! आपसी सम्बन्ध तो खराब ही हो रहे हैं साथ ही उनकी स्वयं की प्रतिष्ठा भी कम हो रही है ! ऐसा करने वाले यदि एक बार भी यह विचार कर लें कि हमारे घर में भी बहन या बेटी है , हमें भी किसी के दरवाजे पर विवाह के लिए जाना ही है तो शायद कुछ परिवर्तन देखने को मिल जाय परंतु दुखद यह है कि ऐसा होता दिख नहीं रहा है ! यह अकाट्य सत्य है कि किसी के हृदय को दुख पहुँचाने वाला कभी भी सुख का उपभोग नहीं कर सकता ! परंतु आज मनुष्य इस पर विचार ही नहीं कर पाता क्योंकि आज का मनुष्य भावनाशून्य हो गया है !*


*जिस कन्या को सृष्टि का मूल , घर की लक्ष्मी आदि उपाधियों से विभूषित किया गया है उसी कन्या को भेड़-बकरियों की तरह समाज रूपी बाजार में खडा करके फिर निरस्त कर देना ही यह प्रमाणित करता है कि आज समाज के ऊँचे ऊँचे पदों पर बैठे लोगों का स्तर कितना निम्न है !*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम