कथाव्यास के लक्षण
*सनातन धर्म का आधार सनातन धर्म के धर्म ग्रंथ है ! सारा ज्ञान इन्हीं धर्म
ग्रंथो में समाहित है कोई साधारण व्यक्ति इन धर्म ग्रंथो के ज्ञान को नहीं प्राप्त कर सकता इसलिए हमारे महापुरूषों ने कथा के माध्यम से आम जनमानस को यह ज्ञान प्रदान किया ! कथावाचक पुराण एवं शास्त्रों के कठिन से कठिन विषय को सरल करके आम जनमानस को समझाते हुए धर्म के प्रति जागरुक करते हैं ! कथावाचक कैसा होना चाहिए इसका वर्णन पद्म पुराण के अंतर्गत श्रीमद्भागवत महापुराण के माहात्म्य में लिखते हुए वेदव्यास जी कहते हैं :-- "विरक्तो वैष्णवो विप्रो वेदशास्त्र विशुद्धिकृत ! दृष्टांत कुशलो धीरे वक्ता कार्योऽतिनिःस्पृहः !! अनेकधर्मविभ्रान्ताः स्त्रैणाःपाखण्डवादिनः ! शुकशास्त्रकथोच्चारे त्याज्यास्ते यदि पण्डिता: !! " अर्थात्: - जो वेद शास्त्र की स्पष्ट व्याख्या करने में समर्थ हो ! तरह-तरह के दृष्टांत दे सकता हो तथा विवेकी और अत्यंत निष्पृह हो , ऐसे विरक्त और विष्णु भक्त ब्राह्मण को वक्ता बनाना चाहिए ! यदि इस भावार्थ को विश्लेषित किया जाय तो कथा व्यास कैसा होना चाहिए यह स्पष्ट हो जाता है , क्योंकि जो धर्म शास्त्र की व्याख्या नहीं कर सकता वह कथा क्या करेगा ? लोगों को क्या समझाएगा ? जो स्वयं गूढार्थ नहीं समझ पाएगा वह आम जनमानस को उसका सरलार्थ कैसे समझाएगा ! निष्पृह का अर्थ होता है कि धन का लोभी न हो , तन का लोभी ना हो , मन का लोभी न हो ! पूर्व काल में इस प्रकार के कथा वाचक कथा का करके आम जनमानस को धर्म के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके हृदय में भक्ति का जागरण करते थे ! कथा का महत्व इसलिए भी था क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति साक्षर नहीं होता था इसलिए अपने शास्त्रों में लिखी बातों को जानने के लिए एक कुशल एवं मर्मज्ञ कथा व्यास की कथा सुनने को लोग जाया करते थे और अपने जीवन का कल्याण करने के साथ-साथ अपने परिवार को संस्कार भी प्रदान करते थे ! कथा व्यास दूसरों को भक्ति का उपदेश करने के पहले स्वयं अपने हृदय में भक्ति प्रकट करते थे और भगवान के प्रति उनकी श्रद्धा अटूट होती थी परंतु आज समय परिवर्तित हो गया है !*
*आज के वर्तमान समय में स्थान - स्थान पर धार्मिक शास्त्रीय कथाओं , भागवत आदि का आयोजन वृहद स्तर पर किया जा रहा है जहाँ असंख्य श्रोतागण इन कथाओं का श्रवणानंद लेने पधारते हैं ! इन कथा पांडालों में व्यासपीठ पर विभिन्न रूपों में कथावाचक अवतरित होते हैं , जो अपने रूप सौंदर्य एवं वैभव प्रदर्शन से जनसाधारण को मंत्रमुग्ध कर देने में समर्थ होते है ! परंतु कभी-कभार उनके कथन , कथाएँ , कथा प्रसंग एवं गायन वादन की शैली एवं आचरण को सहज बुद्धि स्वीकार नहीं कर पाती है , जिससे मन खिन्नता एवं विक्षोभ से भर उठता है ! मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" आज के कुछ कथावाचको को देख रहा हूं कि उनको न तो भगवान से मतलब है न ही भक्ति से मतलब है , न ही वह इससे भी मतलब रखते हैं कि मेरे उपदेशों का आम जनमानस पर क्या प्रभाव पड़ेगा ! शास्त्रों में क्या लिखा है क्या नहीं लिखा है शायद आज के कुछ कथा वाचक पढ़ते ही नहीं है और अपने मन से ऐसी कथा कह रहे हैं जिनका कहीं कोई अस्तित्व ही नहीं है ! आज पंडालों में कथा कम मनोरंजन एवं व्यर्थ की बकवास अधिक हो रही है ! विचार कीजिए कि ऐसे कथावाचक आम जनमानस में धर्म के प्रति क्या जागरूकता पैदा कर पाएंगे ! आम जनमानस को भक्ति का उपदेश करने वाले आज के कुछ तथाकथित कथा वाचक स्वयं भक्ति से दूर है , क्योंकि उनकी कथाओं में भगवान का ही विरोध दिख रहा है ! अनेक प्रकार के विवादित बयान आज कथा मंच से सुनने को मिल रहा है ! अनेको सप्ताहिक कथा ऐसी भी देखी जाती है जिसमें पूरे सप्ताह में एक भी श्लोक का वाचन नहीं होता और गा-बजा करके कथा पूरी करके दक्षिणा लेकर के कथावाचक चले जाते हैं ! इससे श्रोता एवं यजमान दोनों को क्या लाभ मिलेगा यह परमात्मा ही जाने !*
*जिस पुराण की कथा को सुनने का संकल्प यजमान के द्वारा लिया जाता है उन्हीं पुराणों में कथा वाचक के लक्षण का भी वर्णन है अतः किसी भी कथा का आयोजन करने के पहले कथा वाचक के लक्षण को अवश्य देख लेना चाहिए !*

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें