धर्माचार्यों के कर्तव्य
*परिवर्तन सृष्टि का नियम है ! प्रातकाल सूर्य उदय होता है तो सायंकाल को उसको ढलना भी पड़ता है ! जब से सृष्टि का प्रारंभ हुआ तब से लेकर अब तक प्राय: यह देखने को मिला है कि उन्नति एवं अवनति होती रहती है ! हमारे भारत देश में जिस समय सनातन धर्म का ह्रास होने लगा था उस समय आदिगुरु शंकराचार्य जी का प्राकट्य हुआ और धर्म की रक्षा करने के लिए , सनातन धर्म का प्रसार करने के लिए एवं सनातन धर्म में फैली हुई कुरीतियों को समाप्त करने के लिए भगवान आदिगुरु शंकराचार्य ने भारत देश के चारों दिशाओं में चार मठों की स्थापना की और उस पर अपने शिष्यों को अभिषिक्त किया , तथा उन्हें शंकराचार्य की पदवी प्रदान की ! इनका मुख्य कार्य था सनातन धर्म में फैले हुए भ्रम को समाप्त करना , सनातन धर्म की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध होना एवं सनातन धर्म के प्रचार प्रसार के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहना ! आदिगुरु शंकराचार्य जी अपने इस प्रयास में सफल भी हुए ! शंकराचार्य के पद को हिंदू धर्म का सर्वोच्च पद माना जाता है ! शंकराचार्य का पद बहुत ही महत्वपूर्ण है ! सनातन धर्म को विस्तृत कैसे बनाया जाय , सनातन धर्म पर हो रहे प्रहार को कैसे रोका जाय तथा सनातन धर्म फैल रही कुरीतियों को कैसे समाप्त किया जाय इन सब पर विचार करना तथा इनको समाज में क्रियान्वित करना ही इस पद का महत्वपूर्ण कार्य है ! पूर्वकाल के जितने भी शंकराचार्य / धर्माधिकारी हुए वे इस कार्य को संपादित करते चले आए हैं ! हमारे देश में आज प्रमुख चार शंकराचार्य के अतिरिक्त अनेकों स्वघोषित शंकराचार्य एवं जगदगुरु विद्यमान है जो कि सनातन धर्म के प्रसार एवं सनातन धर्म की रक्षा का उद्देश्य लेकर के चल रहे हैं , परंतु आज जो समाज में हो रहा है उसे देखना भी इन महान विभूतियों का कर्तव्य बन जाता है ! जिस कार्य के लिए इनको पद से विभूषित किया गया है उसे कार्य से विमुख होकर आज कौन से सनातन धर्म की रक्षा की जा रही है यह यक्षप्रश्न मन में उठ रहा है !*
*आज हमारे देश में चारों ओर से सनातन धर्म पर किसी न किसी प्रकार का प्रहार देखने को मिल रहा है ! आश्चर्य की बात तो यह है कि यह प्रहार व्यास गद्दी को भी आधार बनाकर किया जा रहा है ! झूठी प्रसिद्धि पाने के लिए जिस कथा वाचक की जो इच्छा होती है वह बिना यह विचार किये कि उनके कहे गये कथन का उनके अनुयायियों पर क्या प्रभाव पडेगा व्यासगादी से कह देता है ! कोई राधा रानी पर प्रश्न चिन्ह उठा रहा है तो कोई सत्यनारायण भगवान की कथा को असत्य एवं काल्पनिक बता रहा है ! ऐसे में इन कथा वास्को के ऊपर लगाम लगाने का कार्य यदि हमारे धर्माधिकारी नहीं कर रहे हैं तो विचारणीय विषय है ! मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" जो नहीं कहना चाहता वह कहना पड़ रहा है कि आज हमारे चारों मठों के शंकराचार्य जी एवं अनेकों स्वघोषित जगगगुरु एवं शंकराचार्य अपने मुख्य उद्देश्य से भटक रहे हैं जो कि भविष्य के लिए सकारात्मक संदेश नहीं है ! सनातन धर्म पर सनातन धर्म के ही धर्ममंच पर बैठकर प्रहार करने वाले ऐसे कथावाचकों पर यदि आज लगाम नहीं लगाई जा रही है या उनका विरोध इन पीठों के द्वारा नहीं किया जा रहा है तो इसका एक ही कारण है कि हम जिस पद पर बैठे हैं उसे पद की गरिमा एवं उसे पद के कर्तव्य को भूल गए हैं ! आज आवश्यकता है कि इन मठों पर बैठे हुए हमारे संरक्षक इन विषयों पर ध्यान दें जिससे कि सनातन धर्म में पनप रही नकारात्मकता को समाप्त किया जा सके अन्यथा वह दिन दूर नहीं है जब सनातन धर्म के ध्वजवाहक ही सनातन धर्म के प्रबल विरोधी के रूप में दिखाई देंगे !*
*धर्म मंच पर बैठकर अपने ही धर्म को काल्पनिक बताने वाले लोगों एवं तथाकथित कथावाचकों के लिए तत्काल ही कठोर दण्डात्मक कार्यवाहीं की आवश्यकता है ! इन विषयों को अनदेखा करना भविष्य के लिए घातक ही सिद्ध होगा !*


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें