जीवन में आवश्यक है स्वाध्याय

 *मानव जीवन प्राप्त करके मनुष्य का उद्देश्य होता है परम लक्ष्य की प्राप्ति करना !  परम लक्ष्य अर्थात मोक्ष प्राप्त करना ! चौरासी लाख योनियों में भटकने के बाद मानव शरीर पाकर मनुष्य चौरासी लाख योनियों में आवागमन से छुटकारा पाने का उपाय करता है ! मानव जीवन बहुत ही दुर्लभ है इसे समझना बहुत आसान नहीं है ! इसे समझने के लिए हमारे मनीषियों ने एक सुंदर मार्ग बताया है और वह है स्वाध्याय का मार्ग , क्योंकि स्वाध्याय की उपयोगिता असाधारण एवं अद्भुत है !  स्वाध्याय मानसिक आरोग्यता एवं वैचारिक संवर्धन के लिए अत्यंत आवश्यक है क्योंकि मन और विचार के शुद्ध परिष्कृत हुए बगैर स्वस्थ शरीर एवं व्यवहार की कल्पना नहीं की जा सकती ! स्वाध्याय के द्वारा पहले मन स्वस्थ होता है फिर जीवन को स्वस्थ होने से कोई रोक नहीं सकता ! सोच विचार के तंत्र में विकृति बनी रहने पर शारीरिक एवं व्यवहारिक परेशानियां तथा समस्याएं बनी ही रहती है ! वही स्वाध्याय इन सबको ठीक करने के लिए सर्वप्रथम विचार तंत्र को परिष्कृत एवं परिमार्जित करता है और अपने स्व अर्थात अस्तित्व का बोध कराता है ! जब तक मनुष्य को स्वास्थ्य अस्तित्व का पता नहीं चलेगा तब तक मोक्ष का मार्ग प्रशस्त नहीं हो सकता ! स्वाध्याय स्वयं को जानने की विधा है ! जीवन को पढ़ने की कला है ! बिना स्वाध्याय के मनुष्य कुछ नहीं प्राप्त कर सकता क्योंकि स्वयं को जाने के बिना संसार को जान लेना क्या प्राप्त करा देगा  ?  इसलिए प्रत्येक मनुष्य को सर्वप्रथम स्वयं को जानने का प्रयास करना चाहिए और इसके लिए स्वाध्याय करना परम आवश्यक है !*


*आज यह बहुत बड़ी विडंबना है कि समाज में स्वाध्याय की प्रवृत्ति घटती हुई दिख रही है , यहां तक की आज समाज में अध्ययन के प्रति सम्मान में भी कभी आई है ! कुछ लोग पढ़ने को ही अध्ययन एवं स्वाध्याय कहने लगे हैं ऐसे सभी लोगों को मैं *आचार्य अर्जुन तिवारी" बताना चाहूंगा कि पढ़ना अध्ययन करना एवं स्वाध्याय करना तीनों में भेद है ! तीनों में क्या भेद है ? यह समझने का प्रयास किया जाय !  जैसे अखबार और पत्र पत्रिकाओं को उलटना पलटना पढ़ने की कोटि में आता है पढ़ना एक प्रकार से सूचना संग्रह करने की प्रक्रिया है , वहीं दूसरी ओर अध्ययन के अंतर्गत श्रेष्ठ साहित्य , दर्शन - विज्ञान आदि आते हैं , जिनमें विषय की गहराई होती है ! पढ़ने से ज्यादा महत्वपूर्ण है अध्ययन करना क्योंकि अध्ययन करने में मनन चिंतन का पर्याप्त स्थान होता है ! अध्ययन किए बिना विषय की गहराई में उत्तर पाना संभव नहीं है ! वही स्वाध्याय करने से स्वयं के अस्तित्व को जानने में सहायता मिलती है ! स्वाध्याय करने से साहित्य के माध्यम से ऐसे सूत्र संकेत प्राप्त किए जाते हैं जिससे हमारी स्वच्छ चेतना विकसित होने की अवस्था में एक नई दिशा- दशा उपलब्ध हो सके ! जीवन के मर्मज्ञ एवं दृष्टा मानते हैं कि जीवन इस संसार की सर्वश्रेष्ठ रोमांचक पुस्तक है और स्वाध्याय से इसके रहस्य परत दर परत खुलते चले जाते हैं और हम रहस्य के आज्ञा क्षेत्र में प्रवेश करके चले जाते हैं !  इसलिए प्रत्येक मनुष्य को पढ़ने एवं अध्ययन करने से ऊपर उठकर स्वाध्याय करने का प्रयास करना चाहिए !*


*स्वाध्याय हमारे जीवन में उत्पन्न होने वाले अनेकों संकट एवं वीभत्स घटनाओं का सामना करने का साहस प्रदान करता है इसलिए हमें अपने जीवन में स्वाध्याय को प्रमुख स्थान देना  चाहिए !*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम