नाम पाहरू दिवस निसि ध्यान तुम्हार कपाट :- आचार्य अर्जुन तिवारी



      एकतत्त्वरूप श्रीराम-सीता में परस्पर तुल्य प्रेम का होना स्वाभाविक है । परंतु *‘ये यथा मां प्रपद्यन्ते तांस्तथैव भजाम्यहम्’* (गीता ४/११) जो मेरा जिस प्रकार सेवन करते हैं, मैं भी उनका उसी प्रकार सेवन करता हूँ – इस न्याय से सीताजी के हृदय में प्रतिष्ठित श्रीरामप्रेम के कारण श्रीरामभद्र के हृदय में सीताजी के प्रति पूर्वप्रतिष्ठित तुल्य प्रेम से सम्बलित सीता प्रतिफलित प्रेम के योग से द्विगुण (दूना) प्रेम सिद्ध है – 

*जनि जननी मानहु जियँ ऊना । तुम्ह ते प्रेमु राम के दूना ।।*

भक्तप्रवर श्रीहनुमानजी का उक्त वचन तत्त्वप्रेम की उज्ज्वल मीमांसा से विनियुक्त है । 

रामकार्य सम्पन्न करके श्रीहनुमानजी जब लंका से लौटे तब श्रीरामजी ने कहा –

*कहहु तात केहि भाँति जानकी । रहति करति रच्छा स्व प्रान की ।।*

      हे तात ! कहो, सीता किस प्रकार रहती है और अपने प्राणों की रक्षा करती है । श्रीहनुमानजी ने कहा –

*नाम पाहरू दिवस निसि ध्यान तुम्हार कपाट ।*

*लोचन निज पद जंत्रित जाहिं प्रान केहि बाट ।।*

      जब रामजी ने सीताजी कैसे रह रही हैं, यह प्रश्न पूछा तो हनुमानजी समझ गए कि प्रभु माताजी की परीक्षा ले रहे हैं। तब उन्होंने बड़े अच्छे तरीके से सीताजी का पक्ष रखा। 

       हनुमानजी ने कहा- आपका नाम रात-दिन पहरा देने वाला है, आपका ध्यान ही किवाड़ है। नेत्रों को अपने चरणों में लगाए रहती हैं यही ताला लगा है, फिर प्राण जाएं तो किस मार्ग से? इन पंक्तियों में हनुमानजी ने श्रीराम के सामने तीन बातें कही थीं। *नाम, ध्यान और ताला*। इन तीन शब्दों के साथ वे सीताजी का पक्ष रखते हैं। 

       श्रीराम पूछ रहे थे कि मेरे बिना सीता जीवित कैसे हैं? हनुमानजी का उत्तर था, प्राण तो कब के निकल जाते लेकिन आप के नाम का पहरा लगा हुआ है, आपके ध्यान के किवाड़ों पर जो ताला लगा है, वह सीताजी के नेत्रों के कारण है, क्योंकि उन्होंने अपने नेत्रों को आपके चरणों में लगा दिया है। श्रीराम समझ गए कि हनुमान ने बड़ी चतुराई से मेरे ऊपर यह जिम्मेदारी डाल दी। 

हनुमानजी श्रीराम को बताना चाहते हैं कि भक्त के प्राण निकलते हैं तो जिम्मेदारी आपकी होगी ।


*जय जय सियाराम 🙏🏻🙏🏻*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम