ज्ञान


                           *सनातन काल से हमारा देश भारत ज्ञान का भंडार एवं ज्ञानियों की उदयस्थली रहा है | संपूर्ण विश्व में कुछ ना कुछ शिक्षा हमारे देश भारत से अवश्य ग्रहण की , क्योंकि संपूर्ण विश्व सबसे प्राचीन सभ्यता हमारी ही रही है | दुर्लभ से दुर्लभ ज्ञान सनातन परंपरा में ही देखने को मिलते हैं , इन्हीं का अनुसरण करके विश्व ने प्रगति की | मानव जीवन एवं सांसारिकता से संबंधित संपूर्ण क्रियाकलाप एवं संस्कार जहां मिलते हैं उस देश का नाम भारत है , क्योंकि यहीं पर चारों वेद प्रकट हुए , और इन्हीं वेदो से संपूर्ण विश्व को मार्गदर्शन मिला | संसार का कोई भी ऐसा विषय नहीं है जो हमारे इन वेदों में वर्णित ना हो | ज्ञान का इतना भंडार होने के बाद भी कभी कभी हम अज्ञानी बन करके नवीन ज्ञान प्राप्त करने हेतु दूसरों की और आशा भरी दृष्टि से देखते हैं | इसका कारण यह है कि हम शायद स्वयं को एवं स्वयं की वैज्ञानिकता को भूलते जा रहे हैं |  ऐसा नहीं है कि आज भारत में ज्ञानी नहीं बचे हैं | आज भी अनेक ज्ञानी / विद्वान संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन कर रहे हैं परंतु इन्हीं ज्ञानियों में कुछ ऐसे भी ज्ञानी आपको देखने को मिल जाएंगे जिन्हें अपने ज्ञान का अहंकार हो गया है | पुस्तकों को पढ़कर अर्जित किया गया ज्ञान उनको अहंकारी बना रहा है | ऐसे ज्ञानियों को शायद यह भी नहीं पता है जो वास्तविक ज्ञान होता क्या है ?? ज्ञान तो वह है जो अपने स्वरूप को पहचान कराने वाला होता है और सच्चा ज्ञानी वही होता है जो सर्वप्रथम स्वयं को पहचानने का प्रयास करता है |*

*आज हमारे पास पहले की अपेक्षा ज्ञानार्जन करने के संसाधन बढ़े हैं , सुविधाएं बढ़ी हैं ,  परंतु दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि इसके साथ ही आज के ज्ञानियों में अहंकार की वृद्धि हो गई है | आज या तो इन ज्ञानियों को तत्वों का ज्ञान नहीं है या फिर ये अपने अल्पज्ञान के ही अहंकार में अंधे होकरके अपने ज्ञान का उपयोग दूसरों के भीतर दोष ढूंढने में करते हैं | इन तथाकथित ज्ञानियों को अपना दोष नहीं दिखाई पड़ता है , ऐसी स्थिति में इन ज्ञानियों को ज्ञानी माना जाए या अज्ञानी माना जाए यह विचारणीय विषय है | मेरा "आचार्य अर्जुन तिवारी" का मानना कि मनुष्य दो प्रकार के होते हैं पहला अंतर्मुखी दूसरा बहिर्मुखी | आज के तथाकथित ज्ञानियों का ज्ञान बहिर्मुखी ही प्रतीत होता है | क्योंकि जो अंतर्मुखी होता है वह पहले स्वयं के अंदर झांक कर देखता है | ज्ञान का वास्तविक अर्थ किसी विद्वान को नीचा दिखाना नहीं अपितु ज्ञान का अर्थ तो स्वयं के स्वरुप को जानना ही होता है |  अपनी आत्मा को उज्जवल बनाने के लिए ही ज्ञान का प्रादुर्भाव हुआ है , क्योंकि ज्ञान ही मनुष्य की वास्तविक शक्ति है |  जिस व्यक्ति के पास ज्ञान है वही संसार का सबसे शक्तिशाली व्यक्ति हो सकता है , परंतु यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज जिन्हें समाज का मार्गदर्शन करना चाहिए वे छोटी-छोटी बातों में तर्क - कुतर्क करके अपने ज्ञान का ह्रास कर रहे हैं , और उनको इसका पछतावा भी नहीं होता है |  ऐसे ज्ञानी समाज का क्या मार्गदर्शन करेंगे यह तो परमात्मा ही जानता है , परंतु जहां तक मैं जानता हूं ऐसे ज्ञानी समाज में व्यर्थ की चर्चाएं करके स्वयं पतित होते चले जाते हैं |*

*अपने ज्ञान का प्रयोग संसार की भलाई के लिए करने के पहले स्वयं को देखने के लिए एवं आत्मसाक्षात्कार करने के लिए करना चाहिए |*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम