मन


                                           
                            *मानव योनि समस्त योनियों से श्रेष्ठ है। आहार, निद्रा, भय, मैथुन, इत्यादि वृत्तियाँ तो पशु पक्षियों में भी पाई जाती हैं। परन्तु जिस बुद्धि और विवेक रूपी धन का अथाह कोष मानव जीवन को प्राप्त है वह अन्य किसी जीवन को नहीं। वास्तव में मानव योनि प्राप्त करना ही दुष्कर है अतएव इसी जीवन में आत्मा को प्राप्त करने की भरपूर चेष्टा करना मानव जीवन का ध्येय एवं परम उद्देश्य है, यही अन्तिम लक्ष्य है जिसके अनेक नाम यथा-निर्वाण, परमगति, परमधाम और ब्राह्मी स्थिति इत्यादि हैं। अतः शरीर की, मन की, बुद्धि की और इन सब के द्वारा आत्मा की शक्तियों का अनुभव और उनका अपने तथा जगत् के कल्याण के लिये विनियोग ही वास्तविक जीवन है।शरीर को लें तो स्वास्थ्य तथा खान-पान सम्बन्धी नियमों पर ध्यान रखकर उसे जीवन के अन्तिम काल तक शक्तिमान और समर्थ बनाये रखें, श्रेष्ठ कार्यों में उसका उपयोग करें, थकावट और आलस्य को पास न फटकने दें, उसे नीरोग और रोग से लड़ने तथा उस पर विजय प्राप्त करने की शक्ति से भरा रखें। यह शरीर को अच्छा रखना है। मस्तिष्क सक्षम, मुख तेज पूर्ण, शरीर शक्तिमान, जिह्वा मृदु वचन बोलने वाली, नेत्र श्रवण हाथ, पैर-कुदृष्टि निंदा, क्रूर कर्म और कुमार्ग गमन से दूर रहने वाले और इन्द्रियाँ अपवित्र कार्य से घृणा करने वाली तथा निग्रही और नियन्त्रित हों।*

*मन वह जिसमें अच्छे विचार आयें, आदर्श की कल्पना हों, जो जीवन को, मार्ग में चलते हुए, दृढ़ता प्रदान करें, जिसमें स्वार्थ की भावना न हो दूसरों के हित तथा कल्याण का ध्यान रहें, जो शरीर में उत्साह की तिरंगे बहावे। जिसमें ईर्ष्या, द्वेष, को घटाने तथा हटाने के लिये प्रयत्न हो। ये हैं स्वस्थ मन के लक्षण। वास्तव में मन ही पर मनुष्य का जीवन निर्भर है |सत्य ही कहा गया है कि “मनुष्य वैसा ही बनता है जैसे कि उसके विचार होते हैं। विचार साँचा है और जीवन गीली मिट्टी। जैसे विचारों में हम डूबे रहते हैं, हमारा जीवन उसी ढांचे में ढल जाता है, वैसे ही आचरण होने लगते हैं, वैसे ही साथी मिलते हैं, उसी, दिशा में जानकारी, रुचि तथा प्रेरणा मिलती है। शरीर, परिस्थितियाँ, संसार हमारे हृदय के विचारों के आधार पर बनते हैं। उनका रूप हमारे विश्वास के अनुरूप होता है।” आँतरिक विचार चरित्र और जीवन को बनाते है। अर्थात् विचारों ही पर चरित्र और जीवन पूर्णरूप से अवलम्बित है। अतः मनुष्य को चाहिए कि वह प्रतिदिन कम बुराई और अधिक भलाई करने का अभ्यास करे और विचारशील तथा दृढ़ प्रकृति होकर तत्परता और उद्योग के साथ धीरे धीरे हृदय की समस्त बुरी वृत्तियों और विचारों को त्याग दे और अच्छी वृत्तियों का निरन्तर अभ्यास करता रहे। इस कार्य में उसे श्रेष्ठ मनुष्यों के संपर्क में रहने, श्रेष्ठ पुस्तकें पढ़ने, श्रेष्ठ बातें सोचने, श्रेष्ठ घटनाएं देखने, श्रेष्ठ कार्य करने, तथा दूसरों में जो श्रेष्ठताएं हैं उनकी कद्र करने और उन्हें अपनाने अर्थात् सदैव श्रेष्ठ बातों में ही श्रद्धा रखने से बड़ी सफलता मिलेगी।*

*ऐसा करने से वह दिनों दिन अधिक बलवान, श्रेष्ठ और बुद्धिमान बन जायगा और उसका जीवन उज्ज्वल, शुद्ध, शांतिप्रद, आनन्दमय, और मनोहर होगा। यह है विचारों का जीवन पर प्रभाव।*


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम