भक्ति
*सनातन धर्म में प्रत्येक मनुष्य को ईश्वर की भक्ति करने का निर्देश दिया गया है , और लोग अपने अपने सामर्थ्यानुसार भक्ति करते भी हैं | किसी भी देवी - देवता की भक्ति करने के पहले यह जान लेना आवश्यक है कि भक्ति किसे कहते हैं ?? अर्थात भक्ति कैसे की जाती है ?? भक्ति का प्रथम चरण होता है उपासना | उपासना का अर्थ हुआ ऐसी महान सत्ता जो परम शक्तिशाली है , सर्वशक्तिमान है महाराजाओं से भी श्रेष्ठ है जिसके एक इशारे मात्र से संसार में सृजन एवं प्रलय हो जाती है , ऐसी सत्ता को अपने पास बिठा लेना ही उपासना कहा गया है | जब मनुष्य उपासना करने लगता है तब वह भक्ति के प्रथम चरण में प्रवेश करता है | भक्ति करने का अर्थ यह नहीं है अपने लिए कुछ मांगा जाय | भक्ति का सीधा अर्थ है समर्पण | यहां मांगने से नहीं बल्कि अपना सब कुछ उस परम सत्ता को सौंप देना ही वास्तविक भक्ति है | यदि हम मांगने के अतिरिक्त देना नहीं जानते हैं , सौंपना नहीं जानते हैं तो यह भक्ति नहीं होगी अपितु भक्ति का मजाक बन जाएगा | सीधे अर्थों में कहें तो यह वेश्यावृत्ति कहा जाएगा | जिस प्रकार वेश्याएं नाच दिखा कर पैसा कमाती है उसी प्रकार मनुष्य भक्ति करके ईश्वर से यदि कुछ मांगना चाहता है तो यह भक्ति नहीं है | यह मात्र दिखावा है और लेन-देन का व्यापार है जिसे भक्ति कदापि नहीं कहा जा सकता है |*
*आज के युग में जहां चारों ओर अनेकानेक भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन लोगों के द्वारा किया जा रहा है , वहीं निष्काम भाव की पूजा / उपासना एवं भक्ति का लोप होता जा रहा है | आज मनुष्य भगवान की भक्ति करता है तो उसके अंदर समर्पण की भावना नाम मात्र को होती है और मांगने के लिए एक लंबी सूची तैयार रहती है | मनुष्य भगवान के मंदिर में जाकर के या अपने घर पर पूजा करके भगवान से कुछ ना कुछ मांगता ही रहता है , और स्वयं को भक्तिमय दिखाने का ढोंग करता है | किसी को बेटा चाहिए तो वह अपने घर पर विद्वानों को बुला कर के भक्तिमय अनुष्ठान करवा रहा है ! तो कोई परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए हनुमान जी की भक्ति कर रहा है और उनको लड्डू चढा रहा है | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" उस समय सोंचने पर विवश हो जाता हूँ जब किसी मंदिर में आरती का दर्शन करते हुए मनुष्यों को देखता हूँ | जहाँ भक्तिमय परिवेश में मनुष्य आरती गाते समय कहता है "तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा" अर्थात मनुष्य का यह भाव होता है कि हे परमात्मा सब कुछ आपका है आप को ही समर्पित है , परंतु उसी मंदिर में जब आरती दिखाई जाने लगती है तो मनुष्य अपनी जेब से एक रूपये का सिक्का ढूँढ करके आरती में डालता है | तब सब कुछ उसका हो जाता है | विचार कीजिए इस प्रकार की भक्ति करके मनुष्य को क्या प्राप्त हो सकता है | मेरे कहने का तात्पर्य यह नहीं है कि मनुष्य सब कुछ लुटा दे परंतु भक्ति करते समय समर्पण भाव की कमी देखकर हंसी तो लगती ही है साथ ही दुख भी होता है |*
*भक्ति का अर्थ होता है समर्पण , परंतु आज इस भाव की कमी सर्वत्र दिखाई पड़ रही है | यही कारण है जो मनुष्य ना तो संतुष्ट है और ना ही सुखी |*
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें