हमारी संस्कृति
*हमारे देश भारत की संस्कृति सनातन से आध्यात्मिक रही है | यहाँ के लोगों में जन्म से ही अध्यात्म भरा होता है | भारत अपने अध्यात्म और ऋषियों की वैज्ञानिकता के कारण ही विश्वगुरू बना है | आज जैसे किसी नये प्रयोग के लिए सारा विश्व अमेरिका एवं चीन की ओर देखता है | वैसे ही पूर्व में भारत की स्थिति थी | हम भारतीय पिछड़ क्यों रहे हैं इसका एक ही कारण है कि विदेशियों ने हमारे वेद - वेदान्तों के आविष्कारों का अध्ययन किया और हम उन्हें भूलते जा रहे हैं | कोई ऐसा आविष्कार नहीं है जो कि हमारे धर्मग्रंथों में न हो | परंतु हम अपनी आध्यात्मिक शक्ति को तिलांजलि देकर आज दूसरों की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं | हमारी शक्ति हमारा अध्यात्म ही रहा है | यही वह शक्ति थी जिसके बल पर हमारे आदर्श "स्वामी विवेकानंद जी" ने आधुनिक भारत में भी सम्पूर्ण विश्व से अपना लोहा मनवाया था | परंतु आज का परिवेश ऐसा बनता चला जा रहा है कि हम सब अपने भीतर छुपी अनंत आधायात्मिक शक्तियों को भूलते जा रहे हैं | और उन्हीं ग्रंथों की ओर देखना ही नहीं चाहते हैं जिन ग्रंथों ने हमें विश्व का "सिरमौर" बनाया था |*
*आज भी हमारा देश एक धर्म प्रधान देश है | यहां युगों से धर्म की धारा बहती रही है। यहां के धर्मप्राण लोग इसमें डुबकी लगाकर अपना इहलोक और परलोक सुधारते हैं | यदि ध्यान से देखें तो प्राचीनकाल से लेकर अब तक यहां के धर्मप्राण लोगों ने संपूर्ण जीवन को आध्यात्मिक दृष्टि से ही समझने का प्रयास किया है | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" उदाहरण के लिए बताना चाहूँगा कि आप किसी शहरी श्रमिक को श्रम करते हुए देखें या गांव में हल चलाते किसी हलवाहे को और आप उनसे बात करें तो वह भी बस यही कहते हुए मिलेंगे कि इस जीवन का क्या ठिकाना ? आज है, कल नहीं, फिर काहे की चिंता आदि | हर व्यक्ति आपको अध्यात्म का ही उदाहरण देता हुआ मिल जायेगा | इस प्रकार यदि देखें तो यहां के लोगों में आध्यात्मिक दृष्टि इस कदर समा चुकी है कि वे बचपन से लेकर जवानी तक और जवानी से लेकर वृद्धावस्था तक केवल और केवल अध्यात्म की बातें करते रहते हैं | ऐसा करके वे अपना इहलोक और परलोक, दोनों सुधार लेना चाहते हैं | परंतु कष्ट इस बात का है कि वे सिर्फ बाते ही बड़े अध्यात्म की करते हैं उन सूक्तियों को अपने जीवन में उतारना नहीं चाहते | और जिस दिन यह अध्यात्म बातों से उठकर जीवन में उतरने लगेगा वही दिन इस भारत देश का पुनर्प्रभात होगा |*
*आईये लौट चलें अपने वेदों की ओर ! अपनी आध्यात्मिकता की ओर ! जिससे यह भारत पुन: एक बार "विश्वगुरू" बनकर नये कीर्तिमान स्थापित कर सके |*
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें