जीवन यात्रा


           
                           *जीवन एक यात्रा है | इस संसार में मानव - पशु यहाँ तक कि सभी जड़ चेतन इस जीवन यात्रा के यात्री भर हैं | जिसने अपने कर्मों के अनुसार जितनी पूंजी इकट्ठा की है उसको उसी पूंजी के अनुरूप ही दूरी तय करने भर को टिकट प्राप्त होता है | इस जीवन यात्रा में हम खूब आनंद लेते हैं | हमें इस यात्रा में कहीं नदियां घाटियां सुरम्य स्थान देखने को मिलते हैं तो कहीं रेगिस्तान भयावह जंगल आदि | यह सब देखता हुआ मनुष्य एक यात्री की भांति चलता रहता है | यात्रा रुकती नहीं है | इस यात्रा में आपके पहले से कुछ यात्री उपस्थित रहते हैं | जैसे - माता पिता चाचा ताऊ , आदि , तो कुछ यात्री आपको बीच में मिलते हैं जैसे :- पत्नी , पुत्र या अन्य नये रिश्तेदार या मित्र आदि | जब जिसका स्टेशन आता वह इस यात्रा में सम्मिलित हो जाता है | और जिसका गंतव्य आ गया उसकी यात्रा पूरी हो गयी उसे उतर कर जाना ही होता है | और मनुष्य इन आने - जाने वालों को देखता भर रह जाता है | न भगा सकता है और न ही रोकने की क्षमता है | क्योंकि आने वाला टिकट लेकर आया है और जाने वाले का टिकट पूरा हो गया है | इस पूरी यात्रा में हम अपने सहयात्रियों के साथ इतने मगन हो जाते हैं कि इस जीवनरूपी गाड़ी को चलाने वाले चालक का हमें ध्यान ही नहीं रह जाता है | अपने मस्ती में मस्त हम अपनी अपनी यात्रा का आनंद व कष्ट झेल रहे होते हैं , परंतु चालक एवं परिचालक को भूल जाते हैं | और जब हम चालक की ओर ध्यान देना बंद कर देते हैं तो वह चालक भी हमारी ओर से उदासीन हो जाता है और जिसका परिणाम होता है -- दुर्घटना | वह चालक कौन है ?? हमारी जीवनरूपी गाड़ी को चलाने वाला है परमपिता परमात्मा | और हम उसे ही भुलाकर दुर्घटनाओं को निमंत्रण देते रहते हैं |*

*आज हम इस जीवनरूपी यात्रा के चालक (परमात्मा) को भूलते जा रहे हैं ! यही कारण है कि प्राय: अनचाही दुर्घटनायें हमारे समक्ष प्रस्तुत हो रही हैं | प्राय: लोग यात्रा पूरी होने के समय अर्थात अपना गंतव्य नजदीक आने पर या दुर्घटना हो जाने पर ही चालक की ओर देखते हैं | जबकि यदि प्रारम्भ से ही चालक को देखते रहें तो शायद दुर्घटना हो ही न | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" कहना चाहूँगा कि इस यात्रा में हम सब को कुछ विशिष्ट समय मिलता है जिसमें हम अपने जीवन के विभिन्न कार्य कलापों का निर्वाह करते हैं | आयु कितनी भी लम्बी क्यों ना हो, हम कभी भी संतुष्ट नही होते और जीवन जीने के लिये अतिरिक्त वर्षों की कामना करने लगते हैं | मनुष्य पहले पच्चीस वर्ष अपना भविष्य बनाने में लगा देता है फिर  पचास वर्ष की आयु तक गृहस्थ बनकर गदहे की भांती परिवार का बोझ उठाता है | जब परिवार को उसकी ज़रूरत नही लगती तो वह घर में केवल कुत्ते की भांति रखवाली करने के लिये छोड़ दिया जाता है | फिर बारी आती है उल्लू समान जीवन जीने की यानी नींद कम आती है और रातें भी जाग कर काटनी पड़ती हैं | जीवन की प्रत्येक अवस्था में कुछ ना कुछ लगा ही रहता है पर फिर भी हम हैं की सुधरते ही नहीं | यह सब देखकर, बेहतर यह है की हम शुरु से ही अपने सांसारिक कार्य करते हुए भी भगवान के साथ जुड़े रहें | अपनी सांसारिक ज़िम्मेदारियों में इतना ना उलझें की अपने जीवन की कोई खबर ही ना रहे |*

*शुरु से ही जीवन में संतुलन लायें और केवल संसार से अपना मन हटा कर भगवान को भी याद करते रहें |*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम