जिज्ञासा एवं प्रश्न में अंतर
*इस धरा धाम पर मनुष्य के जन्म के साथ ही प्रकट हुई मनुष्य में जिज्ञासा | मैं कौन हूं ? कहां से आया हूं ? प्राणी दुखी क्यों होता है ? सुख कैसे मिलता है ? आदि आदि जिज्ञासायें मनुष्य में जन्म काल से ही प्रकट हुई | जन्म लेकर मनुष्य जैसे - जैसे विकास करता है उसके मन में तरह-तरह की जिज्ञासा प्रकट होती रहती है , और यह जिज्ञासा मानव के विकास में बहुत सहायक सिद्ध हुई | कहते हैं जिस मनुष्य में जिज्ञासा ना हो वह मनुष्य नहीं कहा जा सकता | हमारे ऋषि - महर्षियों ने मनुष्य की जिज्ञासाओं को पहचाना एवं उनके समाधान करके मानव के विकास में सहायता की |इसी से मिलता-जुलता दूसरा शब्द है प्रश्न | जिज्ञासा और प्रश्न में अंतर कर लेना बहुत आवश्यक है | जिज्ञासा वह होती है जो अंतर्मन से उठती है जिसका समाधान हमें नहीं पता होता है , और प्रश्न उसे कहते हैं जिसका उत्तर हम पहले से जानते हैं और सामने वाली की परीक्षा लेने के लिए प्रश्न करते हैं | जिस प्रकार एक विद्यार्थी कुछ भी ना जान करके अपने अध्यापक से अपनी जिज्ञासा रखता है , परंतु वही अध्यापक विद्यार्थियों के बुद्धि परीक्षण के लिए प्रश्न रखता है | उस प्रश्न का उत्तर अध्यापक को तो ज्ञात होता है परंतु विद्यार्थी अपनी जिज्ञासा का उत्तर नहीं जानता है और उसका उत्तर जानने के लिए अध्यापक की ओर देखता है | प्रश्न और जिज्ञासा में यही अंतर है | अनेक लोग सत्संग के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करके हृदय में उठ रहे झंझावातों से मुक्ति पाते हैं , परंतु कुछ लोग कहीं हो रहे सत्संग में प्रश्न रखते हैं , और अनेक उत्तर आने के बाद भी संतुष्ट नहीं होते ! क्योंकि उनके पास उत्तर पहले से ही होता है |*
*आज के समाज में जिज्ञासा एवं प्रश्न जैसे मजाक बनकर रह गये हैं | आज विद्यार्थी कम और अध्यापक ज्यादा दिख रहे हैं | ऐसा नहीं है कि आज जिज्ञासायें नहीं रह गयी हैं परंतु यदि एक चौथाई जिज्ञासा है तो बाकी शेष लोग प्रश्न ही कर देते हैं | क्योंकि आज का समाज स्वयं को विद्वान एवं अध्यापक समझकर लोगों की बुद्धि परीक्षण करना चाहता है | अनेक सत्संग सभाओं में वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होती हैं और इन प्रतियोगिताओं में लोग जिज्ञासा के स्थान पर प्रश्न करके विद्वानों के ज्ञान की परीक्षा लेने की मंशा रखते हैं | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" आज समाज को देख कर के यह कह सकता हूं कि आज का समाज कितना दूषित हो गया है | आज लोग अध्यापक बन कर प्रश्न रखते हैं और बताते हैं कि मेरी जिज्ञासा है | उनके तमाम उत्तर आने के बाद भी वे संतुष्ट नहीं हो पाते हैं , और समाधान करने वाले को अनुत्तीर्ण घोषित कर देते हैं | ऐसा करके वे क्या पा रहे हैं यह तो परमात्मा ही जाने , परंतु एक बात अवश्य है ऐसा करके अपना ज्ञान में तो नहीं बल्कु अपने अहंकार में वृद्धि अवश्य कर रहे हैं | जो कि मानव समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता है | क्योंकि यही तथाकथित विद्वान आने वाली पीढ़ियों की मार्गदर्शक की भूमिका में खड़े हैं | परंतु विचारणीय है कि जब उनकी यही स्थिति है तो आने वाले नई पीढ़ियों का वह मार्गदर्शन कैसे कर पाएंगे |*
*जिज्ञासा एवं प्रश्न दोनों हैं तो एक ही परंतु जहां जिज्ञासा अंतर्मन से उठती है वहीं प्रश्न मात्र बुद्धि परीक्षण के लिए प्रस्तुत किया जाता है |*
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें