अहंकार
*भारत देश को एक महान देश कहा जाता रहा है इसका कारण था भारत देश में चारों ओर फैला हुआ ज्ञान का भंडार , यहां के विद्वान एवं विद्वता | हमारे देश के विद्वानों ने आर्ष ग्रंथों का सहारा लेकर की अपनी विद्वता के बल पर संपूर्ण विश्व में भारत देश को विश्वगुरु कहलवाया था | अनेकानेक विद्वान हमारे देश में हुये जिनका नाम आज भी हम गर्व से लेते हैं , परंतु कहते हैं ईश्वर धारा द्वारा सृजित षड विकार मनुष्य को ऐसी स्थिति में लाकर खड़ा कर देता है जहां वह स्वयं को भूलने लगता है | इन्हीं षड विकारों में एक है अहंकार | यदि किसी को भी यह समाज विद्वान कह कर के सम्मान करने लगता है तो उसमें अहंकार स्वयं उपस्थित हो जाता है | जैसा कि मानस में बाबा जी ने लिखा भी है :-- "प्रभुता पाइ काह मद नाही" यह सत्य है यदि किसी को भी समाज के कुछ गणमान्य लोग सम्मान की दृष्टि से देखने लगते हैं तो उसमें अहंकार पैदा होने लगता है | अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है चाहे वह विद्वान हो या कोई राजा | पूर्व काल में राजकुमारी विद्योत्तमा को भी अपनी विद्वता का बड़ा अहंकार था | वह विद्वानों को अपनी सभा में बुलाती और अपनी विद्वता से विद्वानों की परीक्षा लिया करती थी | अपने अहंकार में उसने पता नहीं कितने विद्वानों को अपमानित किया | अंततोगत्वा उसको कालिदास जैसे महामूर्ख ने परास्त किया , और उसी के साथ विद्योत्तमा अपनी शर्त के अनुसार विवाहित भी हुई | कहने का तात्पर्य है कि यदि किसी विद्वान को अपनी विद्वता का अहंकार हो जाता है और वह अहंकार झलकने भी लगने लगता है तो समझ लो उसका पतन समीप आ गया है |*
*आज आधुनिक एवं सोशल मीडिया के युग में जिधर देखो उधर विद्वानों की फौज खड़ी हुई है | यह विद्वान हमारे आने वाले समाज की धुरी कहे जा सकते हैं | परंतु यह सभी विद्वान अल्प ज्ञान हो जाने पर ही स्वयं को इतना प्रकांड विद्वान मानने लगते हैं कि अपने समक्ष दूसरों को लघु ही मानते हैं | इनमें अहंकार स्पष्ट देखा जा सकता है | अपने अहंकार में आकर के ये जहां भी विद्वानों की सभा देखते हैं वहां पर अपने उल्टे सीधे प्रश्न करने लगते हैं | ऐसे विद्वानों को शायद यह नहीं पता होता है कि इस संसार में एक से बढ़कर एक विद्वान हैं और जहां एक समूह , एक समाज है वहां किसी न किसी के पास तो आपके जिज्ञासा का समाधान होगा ही होगा | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" आज के समाज एवं विद्वानों की स्थिति देखकर दुखी हो जाता हूं कि आखिर अहंकार से ओतप्रोत यह विद्वान अपनी विद्वता का प्रदर्शन कर रहे हैं या की स्वयं अपनी हंसी उड़वा रहे हैं | इनको एक बात समझ लेनी चाहिए इस संसार में कोई भी पूर्ण नहीं है पूर्ण है सिर्फ परमात्मा है | मनुष्य जीवन भर अपूर्ण ही रहता है | बहुत प्रयास करने पर भी कभी भी पूर्ण नहीं हो सकता | स्वयं को विद्वान एवं दूसरों को अल्पज्ञानी समझने वाले , अहंकार से भरे ये तथाकथित विद्वान उन्नति तो नहीं कर पाते बल्कि समय के साथ ही उनका पतन होने लगता है |*
*विद्वता बड़ी मेहनत एवं सौभाग्य से मिलती है | प्रत्येक विद्वान से करबद्ध निवेदन है कि अपनी विद्वता को अहंकार से बचाए रखें एवं समाज का मार्गदर्शन करते रहें |*
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें