परिवार
*इस पृथ्वी पर मनुष्य की उत्पत्ति के साथ ही उत्पन्न हुआ परिवार | विभिन्न परिवारों से मिलकर बना समाज और समाज ने राष्ट्रों का सृजन किया | समाज की पहली इकाई परिवार को ही कहा जाता है | परिवार किसे माना जाय ??;इस पर यदि विचार करते हैं तो यही मिलता है कि :- जहां आपसी प्रेम हो , अपनत्व हो , एक दूसरे के प्रति सम्मान हो तथा एक दूसरे के विकास का भाव वही परिवार कहा जा सकता है | परिवार के सदस्य आपस में एक दूसरे से जुड़े होते हैं , उनके बीच रिश्तो की कोई ना कोई डोर होती है जो उन्हें आपस में बांधे रखती है | इन रिश्तो के केंद्र में होती हैं भावनाएं | इन्हीं भावनाओं के कारण पारिवारिक रिश्ते मजबूत होते हैं | यदि आपसी भावनाओं में खटास हो जाती है तो रिश्तो में दरार आने लगती है और परिवार बिखरने लगता है | संपन्न और विकासशील परिवार वही होता है जहां आपसी सामंजस्य और समझ होती है क्योंकि परिवार के प्रत्येक सदस्य की परिस्थितियां एवं उनकी समस्याएं अलग होती हैं | परिवार के सभी सदस्यों की प्राथमिकता यही रहती है कि परिवार में शांति व प्रसन्नता बनी रहे और इसके लिए एक दूसरे की भावनाओं को समझना बहुत आवश्यक होता है | क्योंकि बिना एक - दूसरे की भावनाओं को समझें परिवार में कभी सामंजस्य नहीं हो सकता | परिवार केवल रक्त संबंधों का ही नहीं होता है बल्कि इससे अलग भी मनुष्य परिवार विकसित कर लेता है | बाहर कहीं रह कर भी एक दूसरे सदस्यों से आपस में विश्वास व अच्छी भावनाओं को रखते हुए , एक दूसरे के प्रति सहयोग एवं विकास का भाव हो तो वह भी परिवार माना जा सकता है | इसके अलावा जहां लोग एक समूह बनाकर रहते हैं , एक दूसरे के सुख दुख में भाग लेते हैं वह भी परिवार ही कहा जाता है |*
*आज भारतीय सामाजिक परिवेश की धुरी कहे जाने वाले परिवार बिखरते हुए दिख रहे हैं | प्राय: लोगों के बीच बहस होने लगी है | किसी भी रिश्ते में बंधने के बाद थोड़े दिन साथ तो रह लेते हैं परंतु कुछ समय के बाद कुछ ऐसा होता है कि लोग एक दूसरे के साथ रहना पसंद नहीं करते हैं , न ही कोई बात सुनना चाहते हैं , बल्कि वह स्वतंत्र रहना पसंद करने लगते हैं | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" आज के सामाजिक परिवेश को देखते हुए यही कहना चाहता हूं कि पारिवारिक संबंध इतने विकृत हो गए हैं कि साथ - साथ सात जन्मों का साथ निभाने की सौगंध लेकर विवाह बंधन बंधने वाले नव दंपति के बीच में इतनी कटुता देखी जा सकती है की नौबत संबंध - विच्छेद तक पहुंच रही है | क्योंकि आज के युवा भावनात्मक सहयोग और प्रेरणाओं से शून्य दिख रहे हैं | कुछ लोग पत्नी आने के बाद अपने परिवार को छोड़कर अलग हो जा रहे हैं | ऐसा करने से वह अपने मन में भले ही प्रसन्न हो रहे हैं परंतु इससे उनका उत्साह कम हो जाता है , क्योंकि उत्साह बढ़ाने के लिए परिवार की आवश्यकता होती है | वह परिवार ही होता है जहां सभी एक दूसरे का सहयोग करते हुए उत्साह वर्धन करते रहते हैं | परिवार से अलग होकर के आप विकास तो कर सकते हैं , संपति तो अर्जित कर सकते हैं परंतु जो आंतरिक रिक्तता है उसे नहीं पूरा कर सकते | प्रत्येक मनुष्य की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने टूटते हुए परिवार को बचाने का प्रयास करें |*
*परिवार में रहते हुए सभी समस्याओं का हल निकाला जा सकता है | यहां आपके बड़े आपका सहयोग करने के लिए प्रतिपल तत्पर रहते हैं | अतः परिवार बचाए रखें |*
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें