अहोई अष्टमी
*कार्तिक मास त्यौहारों एवं पर्वों का महीना है | पूरे महीने नये नये व्रत एवं पर्व इसकी पहचान हैं | अभी चार दिन पहले महिलाओं ने अपने पतियों के दीर्घायु होने के लिए दिन भर निर्जल रहकर "करवा चौथ" का कठिन व्रत किया था | आज फिर अपने परिवार की कुशलता के लिए , विशेषकर अपनी संतान की कुशलता एवं लम्बी आयु के लिए पुन: निर्जल रहकर व्रत करेंगी , आज महिलाओं द्वारा "अहोई अष्टमी" का व्रत किया जायेगा | अहोई अर्थात अनहोनी से बचाने वाला | अपने बच्चों को किसी भी अनिष्ट से बचाने एवं संतान प्राप्ति के लिए भी महिलाओं द्वारा दिन भर निर्जल रहकर यह व्रत करके सायंकाल को पूजन करके तारों के उदय होने पर यह व्रत समाप्त करती हैं | विधान तो चन्द्रोदय पर व्रत समाप्त करने का है परंतु चन्द्रोदय देर रात में होने के कारण कुछ एक महिलाओं को छोड़कर अधिकतर महिलायें तारों को ही अर्घ्य देकर यह व्रत समाप्त कर देती हैं | अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य की कुशलता की कामना घर की महिलाओं के द्वारा ही की जाती है | अहोई अष्टमी के दिन माताएं अपने बच्चों की आयु और स्वास्थ्य के लिए व्रत रखती हैं | करवा चौथ की तरह ही महिलाएं इस व्रत में भी सुबह उठकर स्नान करती हैं और स्वच्छ वस्त्र धारण कर एक मिट्टी के मटके में पानी भरती हैं और माता अहोई की पूजा करती हैं | पुत्र कुपुत्र हो सकता है परंतु माता कभी कुमाता नहीं हो सकती |*
*आज समाज में जिस प्रकार एकल परिवार परिवार बढ़ रहे हैं उसके बाद भी उत्तर भारत में यह व्रत माताओं के द्वारा बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है | जिस पुत्र के लिए माताएं अपनी नींद , अपनी भूख सब कुछ भूलकर उसको पाल पोस कर बड़ा करती है और एक दिन उसी पुत्र के लिए जब एक नई नवेली दुल्हन लेकर के आती हैं तो वह पुत्र अपनी दुल्हन के आगे मां के उस प्रेम को भूलने लगता है | अंततोगत्वा एक समय वह भी आता है जब पुत्र अपनी पत्नी के प्रेम में अंधा होकर के उस माँ को अपमानित करने का प्रयास करता है जिसने रात रात भर जग करके उसका पालन पोषण किया होता है | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" बताना चाहूंगा की कहीं-कहीं तो यह भी देखने को मिलता है कि पुत्र अपनी मां को या तो दुत्कार करके अलग कर देता है या फिर उसको आधुनिक भारत की नई सृष्टि वृद्धाश्रम में छोड़ आता है | पुत्र के द्वारा ऐसा कृत्य किए जाने के बाद भी माता द्वारा अहोई अष्टमी या पुत्र से संबंधित कोई भी व्रत छोड़ा नहीं जाता | यह माताएं उसी श्रद्धा और उसी उत्साह के साथ बराबर ही व्रत किया करती हैं | विचार कीजिए इतना बड़ा त्याग , इतनी बड़ी तपस्या एक नारी के अतिरिक्त क्या कोई पुरुष भी कर सकता है ?? परिवार में माता के साथ पिता भी जुड़े होते हैं | पुत्र की एक बात को पिता तो गांठ बांध लेता है परंतु माँ अपने पुत्र की बात को थोड़ी देर के लिए तो मानती है परंतु समय बीतने के साथ ही वह विगत बातों को भूलकर पुनः वही प्रेम अपने पुत्र को देने लगती है | पिता के कठोर हृदय की अपेक्षा माता का ममता महिलाएं अधिक कोमल होता है |*
*अपने व्रतों व उपवासों के द्वारा सनातन संस्कृति एवं मान्यताओं का संरक्षण करने में नारियों के महत्वपूर्ण योगदान को अनदेखा नहीं किया जा सकता है |*
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें