मायारूपी नारि


           
                           *इस विशाल एवं अलोकिक सृष्टि की रचना करते समय ब्रह्मा जी ने नारी जाति की महत्ता को समझते हुए नर - नारी का युगल जोड़ा उत्पन्न करके सृष्टि को गतिमान किया | आदिकाल से सृष्टि के सृजन एवं संयोजन में नारी के महत्वपूर्ण योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है | हमारे धर्मग्रंथों में नारियों की महानता, उनके त्याग एवं तपस्या की कथायें देखने को मिलती हैं ! नारियों के ऋण को पुरुष समाज कभी भी नहीं उतार सकता | यदि धार्मिक ग्रंथों की बात की जाय तो समाज में सबसे लोकप्रिय एवं सबसे ज्यादा पढा जाने वाला ग्रंथ "श्री रामचरित मानस" ही कहा जा सकता है | मानस में गोस्वामी बाबा जी ने नारियों के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन किया है | कुछ विद्वानों ने गोस्वामी जी को नारी विरोधी तक की संज्ञा दे डाली | मर्यादापुरुषोत्तम श्री राम एवं नारद जी का सम्वाद सबसे ज्यादा प्रचलित हुआ , जहाँ नारद जीसे स्वयं भगवान कहते हैं :---"काम क्रोध लोभादि मद प्रबल मोह कै धारि ! तिन्ह महँ अति दारुन दुखद मायारूपी नारि !!" इस दोहे को पढकर लोगों ने प्रतिक्रिया देना प्रारम्भ कर दिया कि तुलसी बाबा जी ने तो नारियों को नरक का द्वार कह दिया | जब यह सार्वभौमिक सत्य है कि नारियों के बिना सृष्टि की परिकल्पना नहीं की जा सकती तो बाबा जी ने नारियों को दुख का कारण क्यों कहा ?? किसी भी विषय पर टिप्पणी करने के पहले उस विषय की गहराई अवश्य नाप लेनी चाहिए | भगवान ने मनुष्य (विशेष रूप से साधक) को काम - क्रोधादि षडरिपुओं से दूर रहते हुए मायारूपी नारी को दुखद कहा है | मायारूपी नारी क्या और कौन है यह विचारणीय विषय है |*

*आज जब नारी प्रत्येक क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं तो  यह विचार करना आवश्यक है कि तुलसी बाबा ने नारी को यदि मायारूपी एवं दुखद कहा है तो इसका क्या कारण हो सकता है ?? अनेक विद्वानों के विचारों का अध्ययन करने के बाद मेरा "आचार्य अर्जुन तिवारी" का विचार है कि :- एक नारी पूर्ण नारी तब बनती है जब वह माँ बन जाती है | जब तक नारी माँ नहीं बनती तब तक उसमें पूर्णता नहीं आती है , और नारी का यही समय मायारूपी कहने का प्रयास बाबा जी ने किया होगा | यह आवश्यक नहीं है कि मेरे विचारों से सभी सहमत ही हों परंतु जो समाज में घट रहा है उसे देखते हुए यह कहना पड़ रहा है कि बाबा जी ने मानस में गलत नहीं लिखा है | जब युवती विवाह करके अपने ससुराल पहुँचती है तो अपनी माया इस प्रकार फैलाती है कि पुरुष को अपनी पत्नी के अतिरिक्त शेष सब कुछ झूठ ही लगता है | नारद जी को समझाते हुए भगवान के कहने का यही तात्पर्य रहा होगा कि यह मायारूपी नारी जीवन की प्रगति में बाधक बन जाती है | कोई साधक साधना करने बैठता है तो उसकी आँखों में यदि नारी का प्रतिबिम्ब दिखने लगता है तो साधना अधूरी रह जाती है | आज के युग में सबसे बड़ी तपस्या है अपने परिवार को छोड़कर परदेश में धन कमाना | जब युवक का विवाह हो जाता है तो वह अपनी पत्नी के आकर्षण एवं मोहपाश में इस तरह कैद हो जाता है कि वह अपनी कमाऊ नौकरी को भूल जाता है | यही है मायारूपी नारी |*

*नारी के अन्य रूपों का वर्णन भी मानस में बाबा जी ने किया है | यदि मानस में माया को नारी कहा गया है तो भक्ति को भी नारी ही माना गया है | आवश्यकता है उस दृष्टिकोण की |*


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम