देवता व असुर

*आदिकाल से ही यह संपूर्ण सृष्टि दो भागों में बटी हुई है :- सकारात्मक एवं नकारात्मक |  वैदिक काल में सकारात्मक शक्तियों को देवतुल्य एवं नकारात्मक शक्तियों को असुर की संज्ञा दी गयी | देवतुल्य उसी को माना गया है जो जीवमात्र का कल्याण करने हेतु सकारात्मक कार्य करें | मनुष्य एवं समाज का कल्याण जिस में निहित हो वही कार्य करने वाला देव तुल्य महापुरुष कहा गया है | इसके विपरीत समाज को क्षति पहुंचाने वाला ईश्वर की सृष्टि में विघ्न डालने वाला असुर के नाम से जाना गया | देव तुल्य कौन हो सकता है ? समाज का कल्याण कौन कर सकता है ? यह विचार करने का विषय है | मनुष्य का जीवन परिचय प्रारंभ होता है परिवार से | जो अपने परिवार में अपने बड़ों का सम्मान करना नहीं जानता है वह समाज का कल्याण कभी नहीं कर सकता | मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के विषय में बाबा तुलसीदास जी लिखते हैं :--  प्रात काल उठिके रघुनाथा ! मातु पिता गुरु नावहिं माथा !!  जो देवतुल्य होता है उसका दिन माता - पिता एवं गुरुजनों की चरण वन्दना से प्रारम्भ होता है | और जो अपने माता पिता और गुरुओं का सम्मान नहीं कर सकता है सुबह उठकर के उनको प्रणाम नहीं कर सकता है वह भला समाज के लोगों का क्या सम्मान करेगा | जो परिवार के बड़ों का सम्मान करता है उसे ही सकारात्मक एवं देव तुल्य कहा गया है |*

*आज के युग में जिधर भी दृष्टि दौड़ाओ आसुरी प्रवृत्तियों का बोलबाला दिखाई पड़ता है | देव तुल्य मनुष्य तो जैसे पैदा होने ही बंद हो गए हैं | सभी तो नहीं परंतु आज की अधिकतर संतान ऐसी हैं जो अपने माता पिता का सम्मान नहीं कर पाती हैं | आज के युग में तो देवताओं एवं भगवान को मानने वालों की भी कमी होती दिखाई पड़ रही है | बाबा जी ने ऐसे व्यक्तियों के लिए भी लिखा है :--  मानहिं  मातु-पिता नहीं देवा ! साधुन्ह सन करवावहिं सेवा !! जिन्ह के यह आचरण भवानी | ते जानहुँ नशचर सब प्रानी !!  असुर वही है जो नकारात्मकता को धारण करके अपने माता पिता को , अपने गुरुओं को नहीं मानता है ,  और सज्जनों से भी अपनी सेवा करवाने का प्रयास करता है | मैं "आचार्य अर्जुन तिवारी" आज समाज में देख रहा हूं कि अनेक धर्म धुरंधर ऐसे हैं जो ऊंचे आसन पर बैठकर प्राणी मात्र को सज्जनता धारण करने का उपदेश तो देते हैं परंतु उनके स्वयं के माता पिता उनके द्वारा उपेक्षित जीवन जी रहे हैं | ऐसे लोगों को क्या महापुरुष या देव तुल्य माना जा सकता है ? यह विचार करने की बात है | यह कटु सत्य है कि जो अपने माता पिता का सम्मान नहीं कर पाता है उनको उपेक्षित जीवन जीने के लिए विवश कर रहा है उसको ना तो उच्च आसन पर बैठने का अधिकार है ना ही उपदेश देने का | पहले तो स्वयं विचार करना चाहिए कि हम जो उपदेश दे रहे हैं उसका पालन हम स्वयं कर पा रहे हैं कि नहीं | मानस की कथा कहते हुए हम भगवान श्री राम के चरित्रों का वर्णन तो करते हैं परंतु क्या उसका अनुगमन भी कर रहे हैं या नहीं |*

*देव एवं असुर सनातन काल से होते रहे हैं और आगे भी होते रहेंगे | हम किस श्रेणी में हैं इसका निर्धारण हमें स्वयं करना होगा |*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम