आवागमन

*जब से सृष्टि का सृजन हुआ तब से ही इस सृष्टि में संयोग - वियोग , सुख - दुख , पाप - पुण्य समय समय पर अपना प्रभाव दिखाते रहे हैं | यहाँ राह चलते लोगों से मिलन भी हुआ है और यात्रा पूरी होने पर वियोग भी सहना पड़ता है | सुख-दुख जीवन में लगे रहते हैं | अपनों से बिछड़ने का दुख भी सहना पड़ता है | हमें जीवन में इन्हें कमजोरी नहीं ताकत समझनी चाहिए | कई बार कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं | इसी का नाम जीवन है | मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के वियोग में महाराज दशरथ के प्राण तो चले गये परंतु उस वियोग में संसार की भलाई का संयोग छुपा हुआ था | कुछ अच्छा हो जाय इसके लिए इतिहास में अपनों से विछड़ने का दुख लोगों ने उठाया है | कंस के कारागार में जब योगेश्वर श्री कृष्ण का जन्म हुआ तो देवकी को उस बालक को दुग्धपान कराने का संयोग तक नहीं प्राप्त हुआ और ओक लम्बा वियोग सहना पड़ा | परंतु वह वियोग लोक कल्याणकारी सिद्ध हुआ | पन्ना धाय के उस त्याग को कौन भूल सकता है , जहाँ एक राजवंश के कुलदीपक की रक्षा के लिए इपने स्वयं के पुत्र को बलिदान कर दिया | यदि हमारे किसी प्रिय के विछड़ने से किसी समाज , या राष्ट्र का कल्याण होता है तो बुद्धिमत्ता यही है कि उस वियोग पर आँसू न बहा करके उसे सकारात्मकता से लेते हुए कर्तव्यपथ पर अग्रसर रहे | कुछ लोग आपसे मिलते हैं तो निश्चित समय आने पर उनका वियोग (बिछड़ना) भी निश्चित है | क्योॉकि यह संसार ही आवागमन का है |*

*आज समाज में तरह तरह के संगठन का निर्माण हो रहा है | जिसकी प्रथम प्राथमिकता होती है उस संगठन में जनबल दिखाना अर्थात सदस्यों को जोड़ना | लोग नित्य नये सदस्य जोड़ते जाते हैं विभिन्न संस्कृतियां एक मंच पर एकत्र होकर अनेकता में एकता परिचायक बनती हैं | आपस में प्रेम - सद्भाव का संचार होता है | परंतु ब्रह्मा जी की सृष्टि ही ऐसी है कि यहाँ सब के विचार , सबकी सोंच , सबके क्रियाकलाप एक जैसे हो ही नहीं सकते | कुछ दिन किसी संगठन में रहने के बाद विचारों के मतभेद का पता चलने पर कुछ लोग तो स्वयं संगठन छोड़ देते हैं | परंतु कुछ लोग तो ऐसे होते हैं हैं जिन्हें आपके संगठन के क्रियाकलापों से न तो दुख होता और न ही प्रसन्नता ही होती है ! वे संगठन में रहना ही नियति मानकर एक कोने में पड़े रहते हैं | उनको संगठन से हटाने पर मुख्य कार्यकर्ता को कष्ट तो अपार होता है परंतु संगठन की भलाई एवं सक्रियता के लिए यह कठोर निर्णय लेना ही पड़ता है | यह निर्णय उसके द्वारा बहुत सोंच विचार करके ही लिया जाता है | यहाँ संयोग से जो एक बार मिल जाय उससे विछड़ना कोई भी नहीं चाहता परंतु कभी कभी हमारे कप्म ही इस वियोग के कारण बनते हैं | जब किसी दुर्घटना में किसी का पैर ज्यादा चोटिल हो जाता है और उसमें विष फैलने लगता है तब चिकित्सक के द्वारा उस रोगी के प्राण बचाने के लिए उस पैर को ही काट दिया जाता है | पैर न रहे न सही परंतु प्राण तो रहेंगे | ठीक उसी प्रकार कुछ विषाक्त व बिल्कुल निष्क्रिय सदस्यों से जब किसी संगठन को नुकसान होने का खतरा दिखाई पड़ता है तो संगठन का मुखिया एक चिकित्सक की तरह उन अंगों को काटना प्रारम्भ कर देता है ताकि उसका संगठन बना रहे |*

*इस संसार में लोग मिलते रहेंगे , विछड़ते रहेंगे ! यही सृष्टि का नियम है ! सृष्टि के नियम पर न तो ज्यादा प्रसन्न और न ही ज्यादा दुखी होने की आवश्यकता है | सफल वही होता है जो समभाव में रहता हैं |*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम