कर्मशीलता

*इस सृष्टि में सर्वोच्च पद पर आसीन मनुष्य का जीवन एक संग्राम की तरह लगता है | कभी - कभी तो मनुष्य कठिनाईयों से जूझता हुआ निराश एवं हताश हो जाता है | जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए | क्योंकि जब जब रात्रि का गहन अंधकार आता है उसके कुछ घंटों के पश्चात एक दिव्य , अलौकिक प्रकाश लिए एक सुनहरे दिन का भी आगमन होता है | कर्मशील मनुष्य को गहरी रात्रि देखकर निराश न होकर नई सुबह की प्रतीक्षा करनी चाहिए | जीवन एक संघर्ष है परंतु मेरा "आचार्य अर्जुन तिवारी" का कहना है कि जीवन को एक प्रकार का खेल समझिए | खिलाड़ी की तरह अपना कर्म करिए और पल्ला झाड़ कर अलग हो जाइए | वैराग्य, निष्काम कर्म अनासक्ति, की योग शास्त्र में बार-बार शिक्षा दी गई है, यह कोई अव्यावहारिक या काल्पनिक विषय नहीं है वरन् कर्मशील मनुष्यों का जीवन मंत्र है | जिन लोगों पर अत्यन्त कठोर उत्तरदायित्व रहते हैं, जिनके ऊपर असंख्य जनता के भाग्य-निर्माण का भार है, उनके सामने पग-पग पर बड़े-बड़े कठिन, पेचीदा, इतने अधिक और भारी काम सम्मुख उपस्थित रहते हैं जिन्हें देखते ही साधारण मनुष्यों के छक्के छूटते हैं, कठिनाई ऐसी-ऐसी भयंकर आती हैं जिनकी पर्वत को उंगली पर उठाने से समता दी जा सकती है | वे कर्मशील उन कठिनाइयों पर विजय प्राप्त करते हुए अपने महान कार्यों को पूरा करते रहते हैं |*

*यह जीवन खेल या नाटक की तरह मनोरंजन का स्थान मानना चाहिए | अपने कर्त्तव्य का उत्तरदायित्वपूर्ण रूप से अनुभव करिए किन्तु घटनाओं या कार्यों का इतना प्रभाव अपने ऊपर मत पड़ने दीजिए कि चित्त चंचल एवं विक्षुब्ध हो उठे, दैनिक कार्य छूट जाएं, प्रसन्नता नष्ट हो जाये या नींद में विक्षेप पड़ने लगे | खेल में बार-बार जीत होती है, बार-बार हारना पड़ता है, कभी आशा का संचार होता है कभी निराशा दिखाई पड़ती है, यह सब होते हुए भी खिलाड़ी खेलता रहता है |  उतार चढ़ाव की स्थितियों को देखता है, उसको बर्दाश्त करता है | पर इतना प्रभावित नहीं होता कि चिन्ता की शाँति खो दे शोक से रोने लगे तो चिन्ता से घबरा जावे या हर्ष से नाच उठे | खेल के समय भावों को थोड़ा सा उभार होता है पर घर आते ही खिलाड़ी पल्ला झाड़ कर अलग होता है !  उस हार जीत को भूल जाता है और शान्तिपूर्वक चादर तानकर सोता है | ऐसा ही दृष्टिकोण व्यवहारिक जीवन में रहना चाहिए | ईश्वर की इच्छा, प्रकृति की प्रेरणा, संचित संस्कारों के कर्म फल के अनुसार प्रिय अप्रिय प्रसंग हर किसी के सामने आते हैं, उनका आना रोका नहीं जा सकता, भगवान रामचन्द्र योगेश्वर कृष्ण तक को विपत्तियों से छुटकारा न मिला | होतव्यता कभी-कभी इतनी प्रबल होती है कि प्रयत्न करते हुए भी उनसे बचाव नहीं हो सकता | ऐसे अवसरों पर मूर्ख लोग अपना खून सुखाते हैं, छाती पीटते हैं, रोते-झींकते हैं और मर मिटते हैं , परंतु बुद्धिमान लोग जीवन की वास्तविक स्थिति पर नवीन विचारधारा से विचार करते हैं | जो होना था हुआ, जो होना ही है, सो होगा, घबराने से कुछ लाभ नहीं, वरन् दूसरी हानि है, कार्य नष्ट हुआ, साथ ही शरीर भी नष्ट करना | यह कोई समझदारी का काम थोड़े ही है | इसलिए विवेकवान अपने मस्तिष्क पर काबू करते हैं और खिलाड़ी की भाँति बड़ी कठिनाई को छोटी करके देखते हैं |*

*इसका अर्थ उत्तरदायित्व की उपेक्षा करना नहीं वरन् यह है कि कठिनाई से पार होने के लिए शक्ति को सुरक्षित रखा जाय, उसका अपव्यय न होने दिया जाय | चिन्ता और शोक की घबराहट में सिवाय बर्बादी के लाभ कुछ नहीं है इसलिए इस मानसिक दुर्बलता को परास्त करने का शक्ति भर प्रयत्न करना चाहिए |*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम