जीवन में संस्कार का महत्व



इस संसार में मनुष्य ने अभी तक बहुत प्रगति की है , बहुत ही विकास कर लिया है | इस विकास के पीछे घर - परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है | व्यक्ति के विकास में सबसे महत्वपूर्ण होता है उसके घर का वातावरण | क्योंकि व्यक्तित्व विकास की पहली पाठशाला है उसका घर परिवार | बच्चों का सही लालन-पालन माता पिता की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है , और इसके लिए बहुत समझदारी की आवश्यकता होती है | बाल मन को समझना आसान नहीं होता और उसे समझते हुए उनके प्रति किया गया व्यवहार ही कालांतर में उनके व्यक्तित्व को दर्शाता है |  जिस जगह उनका पालन पोषण किया जाता है वह घर परिवार ही होता है , और वहीं से इनका जीवन सुसंस्कारित होता है और विकास के नए आयामों को स्पर्श करता है | बच्चे का अपने जीवन में अगर सबसे पहले किसी जगह से परिचय होता है तो वह घर और परिवार ही है | यहीं पर उसे घर परिवार के मायने समझ में आते हैं और इसे वह एहसास होने लगता है कि वह एक सुरक्षित जगह पर है , जहां उसे भरपूर पोषण, प्यार, अपनापन, कई तरह का शिक्षण, उचित मार्गदर्शन मिला | हमारे नन्हे-मुन्ने बच्चों की स्वप्निल दुनिया घर से ही प्रारंभ होती है |  दुनिया में ऐसा कोई भी कोना नहीं है जहां मनुष्य को घर की आवश्यकता न हो | घर कितना बड़ा है यह महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि घर अपने अंदर कितना प्यार , कितना विश्वास समेटे हुए है | हम सभी के लिए घर बहुत महत्वपूर्ण है | और बच्चों के लिए तो घर एक अति महत्वपूर्ण जगह है क्योंकि यह उनका आश्रयस्थल है |

बच्चे बेहद संवेदनशील होते हैं |  उनका मन भी अत्यंत कोमल होता है तथा उनके साथ वैसा व्यवहार किया जाता है वह उनके मन को गहराई से स्पर्श करता है |  जहाँ अच्छा व्यवहार उनके व्यक्तित्व को संवारता है , उन्हें सुसंस्कारित बनाता है वहीं बुरा व्यवहार उनके व्यक्तित्व में कई तरह के अवगुण पैदा कर देता है |  बच्चों के अंदर एक खास तरह का गुण होता है कि वह किसी भी चीज की नकल करके उसे आसानी से सीख लेते हैं | अतः घर परिवारों में जैसी बातचीत होती है जिस तरह का व्यवहार होता है वैसी ही बातचीत और व्यवहार वह अपने जीवन में भी अपनाते जाते हैं | जो परंपराएं घर परिवार में निभाई जाती हैं उन्हें भी बड़े ध्यान से देखते हैं ! और अपने जीवन में ही उन्हें निभाने की चेष्टा करते हैं | जिस तरह का खानपान उन्हें बचपन से मिलता है वही उनके जीवन का अंग बन जाता है | इस तरह घर परिवार में बच्चों का व्यक्तित्व एक सांचे में ढलता है जो उनके संपूर्ण जीवन की आधारशिला बनाता है |  परिवार में यदि माता -;पिता या अन्य सदस्य बच्चों की भावनाओं का सम्मान नहीं करते , उनकी बातों को महत्व नहीं देते , उन्हें सुनने में अपनी रुचि नहीं दिखाते तो ऐसे बच्चों के अंदर आत्मविश्वास और आत्म सम्मान की कमी होती जाती है ! आज के आधुनिक युग में बढते एकल परिवारों में यह देखने को मिलता है कि अपनी - अपनी व्यस्तताओं के चलते माता - पिता अपने बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते जिसका सीधा असर बच्चों के व्यक्तित्व गठन पर पड़ता हुआ स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है |

यह आवश्यक है कि बच्चों को घर परिवार में इतना प्यार मिले कि उन्हें इस प्यार के लिए अन्यत्र न भटकना पड़े | यही प्यार विश्वास बनकर उनके जीवन को एक सम्बल प्रदान करता है ,और उन्हें जीवन की राह में सफलता पूर्वक आगे बढ़ने में सहायता करता है |

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम