अपनी संस्कृति को न भूलें

*भारतीय संस्कृति के आदर्श सदैव से हमारे साहित्य एवं महापुरुष रहे हैं | भारत के सभी धर्मों में साहित्यों व आदर्श प्रस्तुत करने वाले महापुरुषों की कमी नहीं रही है | इन महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलकर अनेक पुरुषों ने स्वयं महापुरुष होने का गौरव प्राप्त किया है | प्रचीनकाल के साहित्यों व जीवन दर्शन में वह सब कुछ उपलब्ध है जो एक मानव को जीवन में मिलना चाहिए | इतना सब कुछ हमारे पास होते हुए भी हम आज यदि उस मार्गदर्शन को नहीं लेना चाहते हैं तो यह हमारा दुर्भाग्य है | यदि आज हम उन साहित्यों / आदर्शों से विमुख हो रहे हैं तो उसका कारण यह है कि हम आधुनिक हो गये हैं | आज सम्पूर्ण भारतवर्ष में पाश्चात्य संस्कृति अपनी जड़े मजबूत कर रही हैं | शहर से लेकर गाँव की गलियों तक इसका व्यापक प्रभाव देखा जा सकता है | जिस तेज गति से पाश्चात्य संस्कृति का रंग भारतीयों पर चढ रहा है यह देखकर आभास होता है कि वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं जब हम अपनी परम पावन भारतीय संस्कृति को पूर्ण रूप से भूल जायेंगे | आधुनिकता के चक्कर में हमारी भारतीय संस्कृति गुमनामी के अंधेरों में खो जायेगी | पहले हर घर में देवी - देवताओं की एक कोठरी होती थी जहाँ बैठकर हम स्वयं के चित्त को एकाग्र करते हुए चिंतन करते थे परंतु आज लगभग हर घर से वह कोठरी गायब हो चुकी है | आज उस कोठरी के देवताओं का स्थान टी वी देवता ले चुके हैं | मनुष्य दिन रात आँखे फाड़कर उन्हीं के दर्शन करता हुआ आधुनिक भक्ति में तल्लीन दिखता है |*

*आज टी वी देवता ने युवावर्ग को भ्रमित कर दिया है | मारधाड़ एवं एक्शन से भरपूर फिल्में देखकर चाहे युवक हों या युवतियाँ वे इन फिल्मों के नायक नायिकाओं को ही अपना आदर्श मानकर उन्हीं की तरह पहनावे एवं फिल्मों की तरह चरित्रों को अपनाने की होड़ में लगे दिखाई पड़ रहे हैं | मैं (आचार्य अर्जुन तिवारी) यह मानता हूँ कि आधुनिकता आज अनिवार्य एवं समय की मांग है परंतु यह भी कहना गलत न होगा कि यह मात्र एक फैशन है | आज हर व्यक्ति आधुनिक बनना चाहता है परंतु शायद आधुनिकता का वास्तविक अर्थ नहीं जानता | मात्र नये चलन के कपड़े पहन लेना व बाल कटवा लेना आधुनिकता नहीं कही जा सकती | आधुनिकता एक सोंच है , एक नवीन विचार है , जो मानव को दुनिया के प्रति जागरूक करते हुए जीवन को मानवीय दृष्टिकोण से जीने का सही मार्ग दिखलाती है | आज आधुनिकता का संकट इतना सशक्त है कि वह व्यक्ति के विचारप्रवाह में बाधा डालता है | आधुनिकता से मनुष्य में असन्तुष्टि उत्पन्न होती है | आधुनिक मानव की स्थिति त्रिशंकु के समान होती है | जहाँ अर्थ का कोई सिद्धांत नहीं और घटनाओं का कोई मूल्य नहीं होता है | यहाँ कोई नैतिक संस्था नही हैं, जिससे वह राय ले सके | अपनी भौतिक, राजनैतिक, आर्थिक आवश्यकताओं के अतिरिक्त विश्व के कोई भी पदार्थ उसे आकर्षित नही करते है | वह विशाल आधुनिक सभ्यता का एक अंग मात्र होता है, जिसे उसकी प्रक्रिया के अनुसार चलना पड़ता है | वह इस कल्पना में डूबा रहता है कि वह सभ्यता का संचालक है, लेकिन वह इसकी अनिवार्यताओं से दूर भागने में असमर्थ है |*

*प्रत्येक व्यक्ति को आधुनिक होना चाहिए परंतु आज इस बात की भी आवश्यकता है कि आधुनिकता के साथ - साथ अपनी प्राचीन सभ्यता एवं संस्कृति का लोप न होने दिया जाय |*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम