आध्यात्मिकता

*सनातन धर्म के ऋषि महर्षियों ने प्रत्येक सनातनी को आध्यात्मिक बनाने का प्रयास किया | अनेक लोग अध्यात्म पथ पर अग्रसर होते हुए अपने जीवन में सफल हुए | आज के युग में लोग आध्यात्म से आकर्षित होकर आध्यात्मिक होना चाह रहे हैं | आज के लोग आध्यात्मिक होने से ज्यादा आध्यात्मिक कहलाना पसंद करते हैं | और इस आध्यात्मिकता को अपने जीवन में उतारना चाहते हैं | हमारे देश भारत में ही नहीं वरन् संपूर्ण विश्व में लोग धर्म की तुलना में अध्यात्म की और अधिक रुचि ले रहे हैं | अब यह अलग बात है की लोगों के लिए आध्यात्मिक और धार्मिक के बीच का अंतर निकाल पाना बहुत कठिन है | कुछ लोग समझते हैं किस सिर्फ धार्मिक होना ही आध्यात्मिक हो जाना है | उदाहरण के लिए यदि कोई नियमित रूप से अपने धार्मिक स्थल जाता है रोज प्रार्थना करता है तो वह धार्मिक हो सकता है , लेकिन आवश्यक नहीं कि वह आध्यात्मिक भी हो | इसी तरह यदि कोई नियमित रूप से योगाभ्यास करता है , ध्यान करता है तो क्या उसे आध्यात्मिक कहा जा सकता है ??? शायद नहीं !  यहां तक कि यदि कोई व्यक्ति किसी आध्यात्मिक संगठन से जुड़ा हो , उस की शिक्षाओं का अनुसरण करता हो  तो भी जरूरी नहीं है कि वह सही मायने में आध्यात्मिकता के दायरे में आ ही जाता हो |  फिर आध्यात्मिकता आखिर क्या है ?? आध्यात्मिक किसे कहा जा सकता है ? आदि प्रश्न मन -  मस्तिष्क में गूंजते रहते हैं |*

*आध्यात्मिक व्यक्ति उसे कहा जाता है जो दूसरों के प्रति उतना ही प्रेम करता है जितना स्वयं के प्रति | ऐसा तभी हो पाता है जब व्यक्ति के अंदर परिष्कार की भावना होती है | जब व्यक्ति स्वयं परिष्कृत हो जाता है , और आत्मज्ञानी होता है | ऐसा व्यक्ति प्रकृति में जो कुछ भी दृष्टिगोचर है , उपस्थित है उससे प्रेम करता है , उसका सम्मान करता है , और उसके प्रति उदार रहता है | क्योंकि वह जानता है कि मूल रूप से वह सब एक ही सत्ता की अभिव्यक्तियां है | मेरा "आचार्य अर्जुन तिवारी" का मानना है कि जो व्यक्ति नियमित मंदिर में जाता है , प्रार्थना करता है संभव है कि दूसरे के लिए उसके हृदय में जरा सा भी प्यार या सम्मान ना हो |  इसी तरह नियमित योगाभ्यास या ध्यान करने वाला व्यक्ति ऐसा भी हो सकता है कि उसके विचारों या क्रियाकलापों में दूसरे के प्रति प्रेम और उदारता की कोई भावना न  हो | दूसरी तरफ बहुत से लोग ऐसे भी हैं जो ना तो किसी धर्म को मानते हैं ना ही किसी धर्मस्थल में जाते हैं , ना पूजा -  ध्यान करते हैं और ना ही किसी आध्यात्मिक संगठन के सदस्य हैं , इसके बाद भी वह आध्यात्मिक हैं | क्योंकि वे आत्मतत्व के ज्ञाता हैं | उनके हृदय में दूसरों के लिए प्यार है ,  उदारता है , करुणा का भाव है |  वह दूसरों की सहायता के लिए हर संभव तत्पर रहते हैं | जैसा कि अध्यात्म पथ के पथिक हमारे महापुरुषों ने करके दिखाया है | आध्यात्मिक होने के लिए धार्मिक , योगी आदि का होना कोई आवश्यक नहीं है , बल्कि आवश्यक है सबको समभाव से देखना , अहंकार रहित होना |*

*आध्यात्मिक व्यक्ति का व्यक्तित्व अलौकिक  होता है | वह संसार में रहकर भी इस प्रकार रहता है जैसे जल में नाव | उसका जीवन ईश्वरोन्मुखी होता है | वह आत्मा के प्रकाश से प्रकाशित होता है |*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम