सनातन धर्म की दिव्यता पर आघात



          ‼ भगवत्कृपा हि केवलम् ‼


                         इस संसार में मनुष्य आज तक समस्त प्रणियों को हराकर सब पर शासन करता आया है | जितने भी जीव इस सृष्टि में सभी को येन केन प्रकारेण अपने वश में करके मनुष्य ने अपने अधीन किया है | मनुष्य की विजय यात्रा अनवरत् जारी है | वह किसी से भी नहीं हारा | परंतु एक ऐसा समय मनुष्य के जीवन में उपस्थित हुआ कि मनुष्य सिर्फ और सिर्फ मनुष्य से ही हार गया | अपनी ही योनि के प्राणियों अर्थात अपने ही भाईयों से यह मनुष्य हार गया | इतिहास गवाह है कि जब भी किसी देश पर किसी शत्रु ने आक्रमण किया है तो वहाँ की सेना एवं देशवासियों ने शत्रुसेना का डटकर मुकाबला करते हुए उसके दाँत खट्टे कर दिये हैं | परंतु इतनी वीरता दिखाने के बाद भी यदि वह देश गुलाम हुआ है तो उसी देश के कुछ नकारात्मक विचारों से परिपूर्ण गद्दारों के कारण ही दासता की बेड़ियों में जकड़ा है | यदि ये चंद गद्दार न होते तो शायद इतिहास में गुलामी की कथायें न पढने को मिलतीं | कहने का तात्पर्य यह है कि सर्वविजयी मनुष्य यदि किसी स्कट में आता है तो उसका कारण कोई दूसरा नहीं वरन् उसके ही विश्वासपात्र होते हैं |

इस सृष्टि के सबसे प्राचीन धर्म सनातन का भी यही हाल है | पूर्व में यदि सनातन धर्म के कई टुकड़े होकर अन्यान्य धर्मों की स्थापना हुई तो इसका कारण भी कहीं न कहीं से सनातन धर्म के पुरोधा ही माने जा सकते हैं | आज जबकि अनेक धर्म पृथ्वी पर विद्यमान हैं | और प्रत्येक धर्म के धर्मपुजारी , शास्त्री, आचार्य, संत, महंथ, धर्माचार्य, मौलवी, मौलाना, हाजी, उलमा , फादर आदि भी नियुक्त होते हैं | जिनका उद्देश्य होता है कि वे अपने धर्म की व्यापकता को सर्वसमाज में प्रचारित करके अपने धर्म की कीर्ति पताका फहरायें | परंतु आज के युग में ये कुछ तथाकथित धर्म के ठेकेदार क्या कर रहे हैं यह किसी से छुपा नहीं हैं | ऊपर से चमकने वाले इन चेहरों के नीचे कितना काला मन है यह भी समय समय पर देखने को मिल रहा है | कहीं संतों की करतूतों का राजफाश हो रहा है तो कही मदरसों में बच्चियों का यौन शोषण करने वाले मौलवियों की काली करतूतें समाज देख रहा है | अपने अपने धर्म को अपनी जागीर समझकर (जो हम कर रहे हैं वही ठीक है ) ऐसी सोंच वाले ही अपने धर्म के सबसे बड़े दुशमन हैं | आपके धर्म की क्षति किसी दूसरे के कारण न होकर आपके ही धर्म के तथाकथित ठेकेदारों के द्वारा ही हो रही है | दूसरा आपको तब तक कुछ नहीं कह सकता जब तक आपके विश्वासपात्र आपके साथ धोखा नहीं करेंगे |

यहाँ एक कहावत याद आती है कि ------- "लोहे कि कुल्हाड़ी में यदि लकड़ी का बेंत न होता तो कुल्हाड़ी कभी भी इतनी सक्षम नहीं हो पाती कि वह लकड़ी काट सकती"!

     

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम