सृष्टि के पालक - नारायण



          ‼ भगवत्कृपा हि केवलम् ‼

   


                                     सनातन धर्म में अनेक देवी - देवताओं के मध्य मुख्यरूप से त्रिदेवों की प्रधानता मानी गयी है | पितामह ब्रह्मा - सृष्टिकर्ता ! जिनके द्वारा समस्त सृष्टि रची गयी | श्रीहरि नारायण - जो सकल सृष्टि का पालन करते हैं | और भूतभावन भोलेनाथ ! जिन्हें संहारक कहा गया है | अब विचार किया जाय कि इन तीनों में प्रमुख कौन है ?? वह जिसने जन्म दिया या वह जो पालन करता है या फिर वह जो कि संहार करे | विद्वानों के मत एवं पुराणों के अध्ययन से यह तथ्य देखने को मिलता है कि जन्म देने वाले से पालन करने वाले का महत्व ज्यादा होता है | तो सकल सृष्टि के पालक श्री हरि विष्णु की जिम्मेदारियां सृष्टि के प्रति ज्यादा हो जाती हैं | जिस प्रकार एक पिता अपने बच्चे के सुंदर भविष्य के लिए बच्चे को प्रेम तो करता ही परंतु अवसर आने पर डाँटता एवं मारता भी है , उसी प्रकार श्री हरि नारायण भी सांसारिक जीवों के प्रेम व डाँट दोनों प्रस्तुत करते हैं | श्री हरि को पालक की जिम्मेदारी क्यों मिली ??? नारायण - नार + आयन = नारायन अर्थात जो जल में निवास करते हैं | इस सृष्टि में जल एक प्रमुख तत्व है | बिना जल के जीवन की कल्पना एक दिवास्वप्न मात्र है | एक संचालक (पालनकर्ता) को अपने परिवार को चलाने के लिए साम दाम दंड भेद सभी नीतियां अपनानी पड़ती हैं | उसी प्रकार भगवान श्री हरि विष्णु जी भी समय समय पर इन नीतियों का अनुसरण करते हैं |

भगवान श्री हरि का स्वरूप चिंतनीय है ! इनके चार हाथ हैं ! इन हाथों में क्रमश: शंख चक्र गदा पद्म धारण करने वाले भगवान इन्हीं के द्वारा एक सुंदर संदेश देते हैं | भगवान के हाथों में विद्यमान शंख ज्ञान का प्रतीक है | अर्थात बिना ज्ञान के यह संसार व्यर्थ ही है , मनुष्य को सदैव ज्ञान पिपासु होना चाहिए | ज्ञान के माध्यम से ही इस असार संसार को जाना जा सकता है | दूसरे हाथ में अनवरत घूमता हुआ चक्र इस बात की ओर संकेत करता है कि -- जीवन सदैव गतिशील रहता है | इस जीवन में रुकने का अर्थ है कि समापित हो जाना | सतत प्रयास करते हुए जीवन की गतिविधियां संचालित करते रहना चाहिए अर्थात इस संसार में रुकना मना है | यहाँ जो रुक जाता है उसका जीवन समाप्त मान लिया जाता है | नारायण के हाथ में गदा जीवों को दंड देने के लिए है यदि आपके कर्म विपरीत हुए तो आपके ऊपर गदा का प्रहार होना अवश्य है | इसलिए सदैव मनुष्य को सकारात्मकता से ही कार्य करते रहना चाहिए जिससे कि उन्हें गदारूपी दंड का भागी न बनना पड़े | जिस प्रकार एक पिता अपनी संतान को दंड देने के बाद प्यार भी करता है उसी प्रकार भगवान नारायण भी अपने चौथे हाथ में लिए हुए प्रेममय पद्म (कमल के फूल) से जीवों पर प्रेम भी लुटाते हैं | इस प्रकार एक पालनकर्ता को जो चाहिए वह सारे गुण सृष्टि के पालनकर्ता श्री हरि नारायण विष्णु के पास हैं | इसीलिए उन्हें पालनकर्ता की जिम्मेदारी मिली हुई है |

 हमें भगवान श्री हरि के स्वरूप एवं उनके कार्यों को हृदयस्थ करते हुए उनकी गदारूपी दंड से बचने एवं पद्म रूपी प्रेम को प्राप्त करने का ही उद्योग करते रहना चाहिए |

   

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम