आदत


                                     मनुष्य का स्वभाव है कि जिस काम को वह एक बार कर लेता है उसी काम को वह पुन: करना चाहता है | जो विचार एक बार उसके मन में आ जाता है वही विचार वह अपने मन में बार - बार लाता रहता है |  अपने अनुभवों की आवृत्ति से उसे तृप्ति मिलती है | इस प्रकार जब कोई भाव चित्त में ठहर जाता है और मनुष्य द्वारा उसे बार - बार दोहराया जाता है तो वह मनुष्य की नई आदत बन जाती है | मनुष्य में उदासीनता तथा आनंद , क्रोध तथा शान्ति , लोभ उदारता - वस्तुत: समस्त मानसिक वृत्तियां अपनी रुचि से ग्रहण की गयी आदतें हैं | जिस प्रकार कोई कागज एक बार जिस जगह से मुड़ जाता है दुबारा उसी स्थान से मोड़ना आसान होता है उसी प्रकार मनुष्य द्वारा पुराने अनुभवों को दुहराना सरल है | मनुष्य की यही वृत्ति आदतों का मूल है | और जो अनुभव विचार जितना ही दोहराया जाता है उसका संस्कार उतना ही दृढ़ होता जाता है | फिर वह जैसे हमारे स्वभाव का अंग ही बन जाता है ,  और दृढ़ आदत का रूप धारण कर लेता है | ये ही आदतें जीवन के स्रोत हैं—जीवन की उत्पत्ति इन्हीं से है | अपने अनुभवों की पुनरावृत्ति द्वारा ज्ञान प्राप्त करना मन का स्वभाव है | आरम्भ में जिस विचार को ग्रहण करना और उस पर स्थिर रहना बड़ा कठिन होता है, अन्त में वही विचार मन में निरन्तर घूमने से प्राकृतिक तथा स्वाभाविक वृत्ति बन जाता है | जैसे किसी कार्य या व्यापार के सीखने में आरम्भ में बड़ी कठिनता होती है किन्तु कुछ काल के पश्चात् धैर्य और अभ्यास से वही कार्य बिलकुल आसानी और पूरी चतुरता से सम्पादित हो सकता है ! वैसे ही किसी वृत्ति को मन में स्थापित करने के लिए चाहे पहले कितनी ही कठिनता या असंभाविता प्रतीत हो पर अध्यवसाय और अभ्यास से वह दृढ़ हो जाती है और अन्त में चरित्र का स्वाभाविक और सहज अंग बन जाती है |


मनुष्य में दो प्रकार की आदतें पाई जाती हैं - अच्छी एवं बुरी आदत | जहाँ उपयुक्त आदत हमारा उपकार करती है वहाँ बुरी आदत हमारी हानि भी बहुत कर सकती है | जब एक बार आदत पड़ जाती है तो हम उसके गुलाम बन जाते हैं, कोशिश करके भी छुटकारा पाना मुश्किल ही हो जाता है | कितने ही सत्संकल्प करके भी शराबी विवश होकर शराब पीता है | अतः अच्छी आदतें डालना जितना आवश्यक है, बुरी आदतों से बचना उससे कम जरूरी नहीं | साधारणतः यह कहा जाता है कि भलाई करने से बुराई करना और पुण्य करने से पाप करना और सहज होता है | यह बात सर्वमान्य है—लोग इसे एक स्वयं सिद्धि बात मानते हैं |  हमारे श्रेष्ठ पुरुषों ने भी कहा है—”बुरे और हानिकारक कार्य करने में सहज होते हैं, लेकिन लाभकारी और उत्तम अति कठिन |” परन्तु जैसे मनुष्य में बुरी लत पकड़ने की क्षमता है वैसे ही अच्छे लक्षण सीखने की भी है |  अच्छी आदतों और वृत्तियों को बनाने और बदलने की जो मन में शक्ति है वही मनुष्य को इन्द्रियों के वश में मुक्त कर पूर्ण स्वतंत्रता का पथ दिखलाती है | इसमें कोई संदेह नहीं कि मन में अच्छे विचार लाने और अच्छे काम करने की आदत डालने के लिए बहुत अभ्यास और निरन्तर उद्योग की आवश्यकता है, किन्तु अन्त में एक समय वह आता है जब अच्छे विचार और कार्य करना स्वाभाविक और सरल हो जाता है और बुरे कर्म करना कठिन तथा सर्वथा अस्वाभाविक |

आरम्भ से ही सुन्दर आदतों के डालने से श्रेष्ठ चरित्र का निर्माण हो सकता है परन्तु बुरी आदतों से जीवन का पतन |

  

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम