सत्यमार्ग के पथिक


                                     इस संसार में वैसे तो मनुष्य द्वारा अपनाने योग अनेक आचरण व वस्तुएं विद्यमान हैं परंतु यदि मनुष्य द्वारा सत्याचरण अपनाया जाता है तो वही सर्वश्रेष्ठ है | क्योंकि सत्य मानव-जीवन की अनमोल विभूति है | जो अपने प्रति, अपनी आत्मा के प्रति, अपने कर्तव्यों के प्रति, परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति मन-वचन-क्रम से सच्चा रहता है वह इसी जीवन, इसी देह और इसी संसार में स्वर्गीय आनन्द प्राप्त करता है | उसके लिए सुख-शाँति और साधन संतोष की कमी नहीं रहती | सत्य का आश्रय लेकर चलने पर प्रारम्भ में कुछ कठिनाई हो सकती है | किन्तु आगे चलकर उसका आशातीत लाभ होता है। सत्य, पुण्य की खेती है | जिस प्रकार अन्न की कृषि करने में प्रारम्भ में कुछ कठिनाई उठानी पड़ती हैं और उसकी फसल के लिए थोड़ी प्रतीक्षा भी करनी पड़ती है | किन्तु बाद में जब वह कृषि फलीभूत होती है तो घर, धन-धान्य से भर देती है | उसी प्रकार सत्य की कृषि भी प्रारम्भ में थोड़ा त्याग, बलिदान और धैर्य लेती है | किन्तु जब वह फलती है तो लोक से लेकर परलोक तक मानव-जीवन को पुष्पों से भर कर कृतार्थ कर देती है | सत्य मानव-जीवन को महानता और उत्कृष्टता के शिखर पर पहुँचाने वाला प्रशस्त और निरापद राज-मार्ग है | इस पर निष्ठापूर्वक चलने वाले पथिक को किसी भी देशकाल में भय अथवा संकट नहीं रहता |  सत्यवादी व्यक्ति इस डर से कोई अकरणीय कार्य करेगा ही नहीं कि दण्ड अथवा निन्दा के भय से कहीं उसे असत्य का सहारा न लेना पड़े | जो अपकर्मों और अपाशयों से बचा रहता है, वह अपवाद, अपमान अथवा आघातों से भी सुरक्षित बना रहता है |

सत्याश्रमी व्यक्ति का जीवन सुख और शाँति से भरा पुरा रहता है | उसकी प्रसन्नता में विघ्न डालने वाले तत्व उसके पास कदाचित ही आ पाते हैं | सत्य मनुष्य के सम्मान, प्रतिष्ठा और आत्म-गौरव के लिए अमोघ कवच के समान होता है | जिसने इस कवच को धारण कर लिया है, उसके लिए अपमान, निन्दा और अपवाद का कोई कारण ही नहीं रहता |सत्यनिष्ठ व्यक्ति संसार में निर्भय होकर विचरण करता है और स्पष्ट होकर व्यवहार करता है | उसने तो कही भय होता है और न आशंका | वह अजातशत्रु होकर समाज को अपने व्यवहार से जीत लेता है | साधना का मार्ग कठिन और लम्बा होता है | बिना विचलित हुए साधक इस मार्ग पर निरंतर चलता रहे तो निश्चित ही उसे परम सत्य का ज्ञान होता है | कठिन और लम्बे रास्तों के बाद मिली सफलता स्थाई और आनंददायक होती है | आसान वाली संस्कृति भ्रष्टाचार ला रही है | इंसान को अपने जीवन के लिए वह रास्ता अपनाना चाहिए जिसके अंत में शांति, सुख और परमात्मा की प्राप्ति हो | जिन मार्गों पर ये नहीं मिलते उन पर चलकर दुख, अशांति और निराशा की प्राप्ति होती है | मानव को सत्याग्रह करने से पूर्व सत्याग्रही बनना चाहिए | सत्याग्रही बने बिना किए जाने वाले सत्याग्रह का कोई मोल नहीं है | मनुष्य को पहले स्वयं सत्य का साक्षात्कार करना चाहिए | जिस प्रकार एक आध्यात्मिक व्यक्ति की साधना सम्यक होती है, उसी प्रकार मनुष्य को भी चाहिए कि वह अपने जीवन में तथा क्रियाकलापों में एक सम्यता बनाए रखे | सम्यता का अर्थ है मध्य मार्ग |

सत्य परायण के लिए लोक में शाँति और सम्मान एवं परलोक में स्वर्ग सुरक्षित रखा है, जिसे वह अधिकार पूर्वक प्राप्त कर लेता है |

             ------/ आचार्य अर्जुन तिवारी

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम