आज की मर्यादा
मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है |कोई भी राष्ट्र, समाज, या परिवार एक मर्यादा में बंधा होता है | रिश्ते, प्रेम, व्यवहार, मित्रता सब मर्यादा पर ही आधारित होते हैं क्योंकि "मर्यादा मनुष्य का आभूषण होती है | अपना सम्पूर्ण जीवन मर्यादित होकर व्यतीत कर देना ही मानव की सबसे बड़ी तपस्या है | मर्यादा किसे कहते हैं इसका ज्ञान मनुष्य को परिवार से ही होता है | मनुष्य को संस्कार परिवार से ही प्राप्त होते हैं और इन्हीं संस्कारों में समाहित होते हैं मर्यादा के गुण | संस्कार विहीन मनुष्य पशुवत् होता है | जिस प्रकार एक पशु अपनी दिनचर्या पूरी करता है उसी प्रकार संस्कारविहीन मनुष्य भी होते हैं | हमारा देश अपनी सनातन संस्कृति , संस्कार एवं मर्यादाओं के पालन के बल पर ही विश्वगुरु कहा जाता था | हमारे आराध्य भगवान श्रीराम अपने मर्यादा का पालन करने के कारण ही "मर्यादापुरुषोत्तम" कहलाये हैं | इतिहास में अनेक ऐसे उदाहरण हैं जो भारत भूमि की यशगाथा का कारण बने | परंतु आज हमारा सभ्य एवं मर्यादित समाज कहाँ पहुँच गया है | यहाँ तक कि परिवार भी अपनी मर्यादा की सीमा लांघ चुका है |
आज मर्यादा विकृत हो गयी है , कलियुग का प्रभाव मानें या पश्चिमी सभ्यता का ?? यह तो विचारणीय है ही परंतु यहाँ पर युगदृष्टा गोस्वामी तुलसीदास जी को भी नहीं भुलाया जा सकता , क्योंकि आज के परिवेश में उनकी लिखी एक एक लाईन सत्य घटित हो रही है | यथा---- कलिकाल विहाल किये मनुजा | नहिं मानत क्वौ अनुजा तनुजा | कुलवंत निकारहिं नारि सती | गृह आनहिं चेरि निबेरि गती || आज मानवीय रिश्तों में परिवर्तन दिख रहा है | आज कोई ऐसा रिश्ता नहीं बचा है जो कि दूषित न हो गया हो ,नित्य ही समाचार पत्रों में मर्यादा को तार तार करने वाली खबरें छपती रहती हैं ,हम चाय की चुस्कियों के साथ उन खबरों को पढते हैं और चुप रह जाते हैं | हमारी संवेदनायें धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही हैं आज जिधर भी दृष्टि घुमाओ आधुनिकता के प्रभाव में हमारी मर्यादा एवं नैतिकता जर्जर होती दिख रही है | आधुनिकता एवं पाश्चात्य संस्कृति के प्रहार से रिश्तों एवं विश्वास की मजबूत दीवार लगभग ध्वस्त हो चुकी है | हम अपनी वैज्ञानिक प्रगति पर तो गौरवान्वित हो सकते हैं परन्तु अब शायद हम यह कहने लायक नहीं बच रहे हैं कि "हम एक सभ्य समाज के रहने वाले हैं | ऐसे समय में आज समाज को महापुरुषों की आवश्यकता है जो कि हमारा उचित मार्गदर्शन कर सकें परंतु दुर्भाग्य से आज वह पद भी कलंकित हो रहा है |
जिन्हें समाज अपना आदर्श मानती है ऐसे सद्गुरुओं ने ही जब मर्यादा को तार तार करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है तो , साधारण मनुष्य की क्या औकात है | ऐसे परिवेश को देखकर मुंह से यही निकलता है कि हमारे देश एवं समाज का अब भगवान ही रखवाला है |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें