स्वयं को बदलो

मानव जीवन विचित्रताओं से परिपूर्ण है | आज अक्सर लोगों को यह कहते सुना जाता है कि --- यह संसार बहुत ही बुरा हो गया है , लोग बहुत ही बुरे हो गये हैं | कभी कभी तो लोग यह भी कह देते हैं कि -- अब यह दुनिया भले लोगों के लायक बची ही नहीं हैं | क्योंकि यहाँ अच्छे लोगों के लिए जगह ही नहीं बची है आदि | जबसे सृष्टि चली तबसे ही इस धरा पर अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के लोग साथ साथ ही रहते आये हैं | इन विचारों के बीच एक महान आश्चर्य की बात यह है कि आज मनुष्य ने यह तो विचार कर लिया कि दुनिया एवं दुनिया के लोग बुरे हैं | अन्य लोगों के विषय में अपने विचार स्थापित कर लेने वाले मनुष्य ने आज तक यह विचार करना उचित नहीं समझा कि मैं कौन हूँ ???? या मैं कैसा हूँ ???? विचार कीजिए कि यदि आप किसी कुएँ में लटककर जोर की आवाज दें कि ---- " तुम बुरे हो" तो वह कुआँ भी तुरन्त चिल्लाने लगता है कि -- तुम बुरे हो | अब आप कहें कि -- तुम सज्जन हो तो वह कुआँ भी आपको कहेगा कि -- तुम सज्जन हो | कहने का तात्पर्य यह है कि जैसा हम कहते हैं या सोंचते हैं वैसी ही प्रतिध्वनि या विचार हमें वापस मिलते हैं | इस प्रकार व्यक्ति में , परिवार में , समाज में , दुनिया में हमें सिर्फ वे ही चीजें नहीं दिखाई पड़ती जो सिर्फ दुनिया में हैं , बल्कि वे चीजें भी दिखाई पड़ती हैं जो स्वयं अपने ही अन्दर हैं | अर्थात -- यदि हमारा अपना ही चित्त अशांत है तो हमें सारा संसार ही अशांत दिखाई पड़ता है | हमारी अपनी ही दुनिया बाहरी दुनिया में अभिव्यक्ति होने लगती है |

यदि किसी के हृदय में यदि करुणा , प्रेम व संवेदना की गंगोत्री बह रही हो तो वह सारे संसार में वही गंगोत्री देखता है | तब हमारी मूल समस्या कहाँ है ??? वास्तव में यह समस्या बाहर किसी अन्य व्यक्ति में न होकर स्वयं अपने ही भीतर है | आज हम सारी दुनिया में अच्छाई ही देखना चाहते हैं परन्तु यह कभी भी विचार नहीं करना चाहते कि --- क्या हम अच्छे हैं ??? आज हम दूसरों का सौन्दर्य दर्शन करना चाहते है ,पर क्या हमने अपना दर्शन करने का प्रयास किया ??? हम दूसरों को सुधारने का सतत् प्रयास करते हैं , परंतु क्या हमने स्वयं को सुधारने का तनिक भी प्रयास किया ???? हम बड़े - बड़े मंचों पर बैठकर उपदेश देकर उसको पालन करने का आवाहन तो कर रहे हैं , परंतु क्या कभी स्वयं उन उपदेशों को मानने या पालन करने का प्रयास किया ???? शायद हम यह सब स्वयं नहीं कर पा रहे हैं | यही हमारी मूल समस्या है जो कि हमें दुनिया में अच्छाई नहीं देखने देती | हम स्वयं को कतई नहीं बदलना चाहते , और बदलाव चाहते हैं सारी दुनिया में ! यदि संसार को बदलना चाहते हैं तो पहले स्वयं को बदलना पड़ेगा | स्वामी विवेकानंद जी कहा करते थे --- "बनो और बनाओ" अर्थात --स्वयं बना हुआ , बदला , सुधरा हुआ व्यक्ति ही दूसरों को सुधार एवं बदल सकता है | इसलिए पहले स्वयं को बदलो तब संसार स्वत: बदला बदला दिखेगा | आवश्यकता है कि हम पहले अपने भीतर स्थित क्षुद्र ब्रह्माण्ड को सुधार लें , जो कि स्वयं हमारे हाथ में हैं | यदि हमने ऐसा कर लिया तो यह बाहरी वृहत्त ब्रह्माण्ड भी हमारे लिए स्वयं सुधरा दिखाई पड़ेगा |

अपने को पहचानने के लिए हमारे लिए सख्त जरूरत होती है भगवान की शरण में जाना यह बहुत ही अनिवार्य है तभी जाकर अब अपने को पहचान सकते हैं !


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम