सच के बनें सारथी



                          मानव जीवन में झूठ और सच की कहानी बहुत ही लंबी और उलझी हुई है | उनमें फर्क करना और उन्हें पहचानना बहुत मुश्किल होता है | बचपन से ही यह सिखाया जाता है झूठ नहीं बोलना चाहिए लेकिन बचपन से ही बच्चे झूठ बोलना शुरू कर देते हैं , और बड़े होने तक झूठ बोलने के इतने अभ्यस्त हो जाते हैं कि उन्हें यह भी पता चलना बंद हो जाता है कि वह जो बोल रहे हैं वह सच है कि झूठ | झूठ को सच की पोशाक पहनाना आज लोगों के लिए आसान हो गया है | अपने झूठ को छुपाने के लिए तर्क प्रस्तुत किए जाते हैं , साक्ष्य  उपस्थित किए जाते हैं | परंतु झूठ को चाहे कितना ही सजा कर प्रस्तुत किया जाए वह सच में बदल नहीं सकता | थोड़े समय के लिए झूठ सच की तरह दिख सकता है लेकिन उसमें स्थायित्व नहीं होता | तात्पर्य है कि झूठ का कोई अस्तित्व नहीं होता है वह तो केवल भ्रम मात्र होता है , जो थोड़ी देर के लिए हमें भटका भर देता है लेकिन लंबे समय तक उसका अस्तित्व नहीं रह सकता |  हर व्यक्ति के अंदर  खूबियां व कमियां होती हैं | मनुष्य अपनी खूबियों को तो खूब प्रदर्शित करता है परंतु अपनी कमियों को छुपा लेताे है | इसी कारण आमतौर पर व्यक्ति अपने वास्तविक स्वरुप को किसी के सामने उजागर नहीं करना चाहता | वह अपने यथार्थ के भद्देपन को नहीं देखना चाहता है और ना ही उसे किसी समय किसी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहता है | यही कारण है कि वह झूठ के आवरण का सहारा लेता है और अपने व्यक्तित्व पर एक मुखोटा चला लेता है , ताकि लोगों को उसका वास्तविक स्वरूप दिखाई ना दे |  और लोग उसके मुखोटे को ही उसका वास्तविक रूप मानते रहें |  लेकिन कभी न कभी उसका वह मुखौटा उतर अवश्य जाता है ! और लोगों को उसकी वास्तविकता का पता चल जाता है | वह समय उसके लिए बेहद ही कष्टकारी व अपयश से भरपूर दुखदाई होता है |

झूठ दो तरह का होता है - आंतरिक व बाहरी | आंतरिक झूठ मनुष्य स्वयं को अच्छा प्रस्तुत करने के लिए बोलते हैं जिससे कि वे दूसरों की नजरों में सम्मानित हो सकें ! और बाहरी झूठ स्वयं के लाभ के लिए बोलते हैं | जैसे कोई साधारण व्यक्ति अपने को विद्वान दर्शाने के लिए अपने नाम के शास्त्री व लगाकर समाज में स्थापित होकर लोगों की दृष्टि में सम्मानित होने का प्रयास करता है ! यह आंतरिक झूठ है | वहीं बाहरी झूठ मनुष्य भौतिक लाभ लेने के लिए बोलता है | झूठ चाहे आंतरिक हो या बाहरी दोनों ही बुरे होते हैं | स्वयं को शास्त्री , आचार्य लिखने वाले जब अपने पद के अनुरूप समाज में कार्य नहीं कर पाते हैं तो वे अपमानित होकर कुंठा का शिकार बनते हैं | अपने एक झूठ को सच बनाने के लिए मनुष्य को सौ झूठ बोलने पड़ते हैं | इस प्रक्रिया में मनुष्य का मस्तिष्क सदैव नये झूठ का सृजन करने में व्यस्त रहता है ! जिसका परिणाम मनुष्य को चिंता , तनाव व अवसाद के रूप में मिलता है | वहीं एक सच बोलने वाला व्यक्ति सभी प्रकार की चिंताओं से मुक्त होकर एक सरल जीवन जीता है | सच बोलने वाले का समाज में एक स्थापित स्थान व सम्मान होता है | मनुष्य को झूठ से बचने का प्रयास जीवन भर करते रहना चाहिए जिससे कि वह कभी स्वयं को असम्मानित न महसूस करे |

जीवन में झूठ को नकार करके सत्य के सारथी बनने का प्रयास करते हुए समाज में सम्मान प्राप्त करने का लक्ष्य प्रत्येक मनुष्य का होना चाहिए |


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"बाणलिंग" का महत्व

धनतेरस

वाणी का संयम