देवता एवं राक्षस
‼ भगवत्कृपा हि केवल ‼
सनातन ग्रंथों में देवताओं और राक्षसों के विषय में वृहद वर्णन मिलता है | शायद ही कोई ऐसा ग्रंथ बचा हो जिसमें देवताओं और दैत्यों के बीच युद्ध का वर्णन ना हो | देवताओं का नाम सुनते ही मन मस्तिष्क में एक कुछ सुंदर आकृति उभर कर सामने आ जाती है ! वही राक्षसों का वर्णन पढ़ते समय मन मस्तिष्क में एक भयंकर चेहरा उभर कर आता है | अपनी सद्वृत्तियों के कारण जहां देवता पूजित हैं वहीं दूसरी ओर अपने कुकृत्यों के ही कारण दैत्य उपेक्षा एवं घृणा के पात्र बने | देवता और दैत्य दोनों ही एक ही पिता की संतान है परंतु अपने अपने आचरण के अनुसार समाज में उनको उसी दृष्टि से देखा जाता है | जहां देवताओं के विषय में यह जाता जाता है कि देवता सदैव से सकल सृष्टि के लिए सकारात्मक रहे हैं वहीं राक्षसों ने सदैव सृष्टिक्रम में बाधा उत्पन्न करने का कार्य किया है | इन देवताओं एवं राक्षसों के केन्द्र में बैठा है मनुष्य | देवताओं और राक्षसों का आकार प्रकार, निवास स्थान, बल-पुरुषार्थ तथा विचार कार्य मनुष्यों से भिन्न प्रकार का होने का उल्लेख मिलता है | देवताओं की असाधारण सूरत उनके आत्मिक सौंदर्य का प्रतिबिम्ब है और राक्षसों की आन्तरिक शैतानी को उनके चेहरे कुरूप, भयानक एवं घृणास्पद बनाकर उनकी बुरी शक्लें बनाई गई हैं |
आज इनका दर्शन मनुष्यों में ही स्पष्ट रूप से किया जा सकता है | देवता वे होते हैं जो दिया करते हैं | जिनका स्वभाव सात्विक होता है, जिन्हें सात्विक विचार एवं कार्य पसंद होते हैं | परोपकार, सेवा, सहायता, ज्ञानदान, सत्कर्मों की वृद्धि, गिरों को उठाना, सबको अपना समझना, प्राणिमात्र पर प्रेम करना, अपनी शक्तियों को अपने लिए कम से कम लाभ लेकर अधिकाँश को दूसरों को दे देना, लोक कल्याण में, जन सेवा में, दत्त-चित्त रहना, आत्मशुद्धि, संयम, तप, ईश्वराधन में अधिक रुचि रखना, भीतर और बाहर सुख शान्ति की वृद्धि करना यह देवताओं का काम था | अच्छे काम करने वालों पर वे आकाश से पुष्प बरसाते हैं इसका तात्पर्य यह है कि वे उन्हें प्रोत्साहन देते हैं | इस प्रकार के गुण कर्म स्वभाव वाले व्यक्ति देवता कहलाते हैं | असुर वे हैं-जिनको अपना स्वार्थ ही सर्वोपरि है | अपने लाभ के लिए जो दूसरों की हानि की परवा नहीं करते, कभी कभी तो अपना लाभ न होते हुए भी अकारण दूसरों को सताते हैं, हिंसा, हत्या, निष्ठुरता, क्रूरता, शोषण, उत्पीड़न, अन्याय, एवं अत्याचार करने में जिन्हें आनन्द आता है | अहंकार में डूबे रहते हैं | आलस्य, प्रमाद एवं मनोरंजन में जिन्हें प्रीति होती है | कामवासना की असीम तृष्णा में जो रात दिन डूबे रहते हैं | जिह्वा का चटोरापन बेकाबू होता है। वे भक्ष अभक्ष की परवा न करके स्वाद को प्रधानता देते हैं | धर्म की ओर, आत्मचिन्तन की ओर, स्वाध्याय सत्संग की ओर जिनकी जरा भी रुचि नहीं होती। बड़ों की अवज्ञा करना जिन्हें सुहाता है |
अब विचार करके स्वयं को तौलने की आवश्यकता है कि हम किस श्रेणी में हैं | हमें सनातन की ओर बढते हुए स्वयं में देवत्व स्थापित करने का प्रयास करते रहना चाहिए |
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें